BCCI ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी और साउथ अफ्रीका सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है।
BCCI ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए 18 खिलाड़ियों को चुना है। ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच 5 टेस्ट मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। इस टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 22 नवंबर को पर्थ में खेला जाएगा। चलिए जानते हैं टीम में किन खिलाड़ियों को जगह मिली है।
BCCI ने तीन नए चेहरों को दिया मौका
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी भी रोहित शर्मा की कप्तानी में खेली जाएगी। वहीं, भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को उपकप्तान बनाया गया है। तीन नए चेहरे भी टीम इंडिया का हिस्सा बनेंगे। युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा को पहली बार टीम इंडिया में जगह मिली है। नीतीश रेड्डी भारतीय टीम में जगह बनाने में सफल हुए हैं। सलामी बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वर को भी टीम इंडिया में जगह मिली है।
भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव को कमर में चोट के कारण आराम दिया गया है। भारतीय गेंदबाज अक्षर पटेल टीम में जगह नहीं बना पाए हैं। वहीं वाशिंगटन सुंदर को अच्छी परफॉर्मेंस का तोहफा मिला है। वहीं भारतीय टीम के स्टार गेंदबाज मोहम्मद शमी को भी टीम इंडिया में जगह नहीं मिली है। आपको बता दें कि मोहम्मद शमी पिछले साल वनडे वर्ल्ड कप जीताने वाली टीम का हिस्सा थे।
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी नवंबर में खेला जाएगा
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी अगले महीने ऑस्ट्रेलिया में खेली जाएगी। इस सीरीज में 5 टेस्ट मैच खेले जाएंगे। पहला टेस्ट मैच 22 से 26 नवंबर के बीच पर्थ में खेला जाएगा। वहीं दूसरा टेस्ट मैच 6 से 10 नवंबर के बीच एडिलेड में खेला जाएगा। तीसरा टेस्ट मैच 14 से 18 दिसंबर के बीच ब्रिस्बेन में खेला जाएगा। चौथा टेस्ट मैच 26 से 30 दिसंबर के बीच मेलबर्न में खेला जाएगा। वहीं आखिरी टेस्ट मैच 3 से 7 जनवरी के बीच सिडनी में खेला जाएगा।
ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए चुने गए खिलाड़ी- रोहित शर्मा (कप्तान), जसप्रीत बुमराह (उपकप्तान), यशस्वी जयसवाल, अभिमन्यु ईश्वरन, शुभमन गिल, विराट कोहली, केएल राहुल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), सरफराज खान, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), आर अश्विन, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, आकाश दीप, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर
रिजर्व: मुकेश कुमार, नवदीप सैनी, खलील अहमद
BCCI ने किया साउथ अफ्रीका सीरीज के लिए टीम का ऐलान
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच चार मैचों की T20 सीरीज खेली जानी है। इस सीरीज का पहला मुकाबला 8 नवंबर को खेला जाएगा। BCCI ने टीम इंडिया के स्क्वाड की घोषणा की है। भारतीय टीम की कमान फिर से सूर्यकुमार यादव के हाथों में दी गई है। तीन नए खिलाड़ी भी भारतीय टीम में जगह बनाने में सफल हुए है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले जाने वाली T20 सीरीज में रमनदीप सिंह, विजयकुमार विशक और यश दयाल को शामिल किया गया है। इंजरी के कारण मयंक यादव, शिवम दुबे और रियान पराग टीम का हिस्सा नहीं बन पाए हैं।
T20 सीरीज के लिए चुने गए खिलाड़ी- सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, रमनदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, विजयकुमार विशक, अवेश खान ,यश दयाल


