बिहार के Begusarai में दिनदहाड़े एक ज्वेलरी शॉप में डकैती हुई है। ज्वेलरी शॉप के मालिक ने डकैती करने आए लुटेरों को गोली मारकर जख्मी कर दिया।
दुकान मालिक प्रमोद कुमार पोद्दार ने 35 से 40 लाख के गहनों की लूट का दावा किया है। पुलिस ने जख्मी लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। यह घटना बेगूसराय टाउन की है।
डकैती की वारदात Begusarai शहर के पीपी ज्वेलर्स नाम के दुकान में हुआ है। पीपी ज्वेलर्स के मालिक प्रमोद कुमार ने बताया कि जब लुटेरे दुकान में आए थे उस वक्त वह दुकान में मौजूद नहीं थे। चार बदमाश ग्राहक बनकर दुकान में घुसे और गहना जेवर देखने की बात बताकर फर्स्ट फ्लोर पर चले गए। काफी मात्रा में जेवर निकलवाने के बाद दो बदमाशों ने पिस्तौल निकाल कर दो गोलियां चला दी। जिसमें दुकान का एक स्टाफ जख्मी हो गया और मालिक का बेटा बाल बाल बच गया।
दुकान मालिक ने आत्मरक्षा में चलाई गोली
दुकान में चल रहे शोरगुल के बीच दुकान मालिक प्रमोद पोद्दार दुकान में पहुंचा और अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल लिया। बाहर शोरगुल होने पर बदमाश भागने लगे। पीपी ज्वेलर्स के मालिक प्रमोद कुमार ने भाग रहे दो बदमाशों को गोली मार दी। दुकान के बाहर खड़े लोगों ने लुटेरों को पकड़कर पीट दिया।
पोद्दार ने कहा, “मेरे घर दुकान के पास है। जब मैंने शोर सुना तो मैं मौके पर पहुंचा। जब मैं वहां पहुंचा, तब हमलावर भागने की कोशिश कर रहे थे। उन लोगों ने मुझ पर भी हमला कर दिया। मैंने आत्मरक्षा में अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से उनका सामना किया। दो लुटेरे गोली लगने से घायल हो गए, वहीं दो लुटेरे भागने में कामयाब रहे।
दो बदमाशों की तलाश जारी है- पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर Begusarai पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मशक्कत करके भीड़ के हत्थे से दोनों बदमाशों को छुड़ाया। बेगुसराय के SP ने दुकान में लूट होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि दो लुटेरे पकड़े गए हैं जबकि दो फरार होने में कामयाब हो गए।
फरार बदमाशों की तलाश की जा रही है। शहर के सभी सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। लूटपाट में इस्तेमाल किए गए बाइक को भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि जख्मी बदमाशों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।


