राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बेंगलुरु के रामेश्वरम कैफे ब्लास्ट (Rameshwaram Cafe Blast Case, Bangaluru) में चार आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। 1 मार्च 2024 को रामेश्वरम कैफे, ब्रुकफील्ड और आईटीपीएल में IED ब्लास्ट हुए थे। इन धमाकों में 9 लोग घायल हो गए थे। इस मामले की जांच 3 मार्च को NIA को सौंप दी गई थी।
NIA ने जो चार्जशीट दाखिल की है, उससे पता चलता है कि रामेश्वरम ब्लास्ट को अंजाम देने वाले आतंकियों के टारगेट पर बेंगलुरु के मल्लेश्वरम का बीजेपी कार्यालय भी था, जिस पर अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन हमला किया जाना था।
NIA ने रामेश्वरम कैफे ब्लास्ट मामले में जिन चार आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है उनकी पहचान मुसाविर हुसैन शाजिब, अब्दुल मथीन अहमद ताहा, माज मुनीर अहमद और मुजम्मिल शरीफ के तौर पर हुई है।
1 मार्च को हुए ब्लास्ट की जांच 3 मार्च को NIA को सौंपी गई थी। NIA ने आरोपियों की तलाश में कई जगह रेड डाली। लोकल पुलिस के साथ मिलकर इन्वेस्टिगेशन की गई। घटना के 42 दिन के बाद जांच एजेंसी ने आरोपियों को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया था।
जांच एजेंसी ने बताया है कि गिरफ्तार किए गए चार में दो लोग कर्नाटक के शिवमोगा जिले के रहने वाले है। ये दोनों ISIS की कट्टरपंथी सोच रखते हैं। ये लोग सीरिया में ISIS के लिए काम करते थे। भारत में ये लोग, मुस्लिम युवाओं को ISIS की विचारधारा से जोड़ने की कोशिश करते रहे हैं।
जांच में पता चला है कि, ताहा और शाजिब ने धोखाधड़ी से भारतीय सिम कार्ड और बैंक खातों का इस्तेमाल किया था। आरोपियों ने डार्क वेब की मदद से भारतीय और बांग्लादेशी पहचान के फर्जी दस्तावेजों को हासिल किया। जांच में आगे पता चला कि ताहा को शोएब अहमद मिर्जा ने मोहम्मद शहीद फैसल से मिलवाया था।
इसके बाद ताहा ने अपने हैंडलर फैसल को अल-हिंद ISIS मॉड्यूल मामले के आरोपी महबूब पाशा और ISIS South India के अमीर ख्वाजा मोहिदीन से मिलवाया। इसके बाद माज मुनीर अहमद से भी मिलवाया। यहां पर काम को अंजाम देने के लिए पैसों के बदले क्रिप्टो करेंसी का इस्तेमाल हुआ था।
जांच में आगे पता चला कि आरोपियों ने इस फंड का इस्तेमाल बेंगलुरु में कई तरह की हिंसा को अंजाम देने के लिए किया था। फिलहाल मामले की जांच जारी है।


