मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल (Bhopal) में एक शख्स ने पुलिस स्टेशन में हाजिरी लगाई और ‘भारत माता की जय’ के नारे के साथ 21 बार तिरंगे को सलामी दी। इस शख्स पर भारत के विरोध और पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाने का आरोप है।
मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के निर्देश के आधार पर पाकिस्तान समर्थक नारे लगाने के आरोपी इस शख्स ने मंगलवार को भोपाल (Bhopal) के मिसरोद पुलिस थाने पहुंचकर ‘भारत माता की जय’ का नारा लगाकर 21 बार राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
फैजल निसार उर्फ फैजान नामक इस शख्स को पिछले हफ्ते हाईकोर्ट ने निर्देश दिया था कि वह मिसरोद पुलिस थाने में महीने के पहले और चौथे मंगलवार को तिरंगे को सलामी दे और ‘भारत माता की जय’ का नारा लगाए।
मिसरोद थाने के प्रभारी मनीष राज भदौरिया ने बताया कि हाई कोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए फैजान ने थाने आकर आज (महीने के चौथे मंगलवार को) 21 बार राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस पूरी घटना की वीडियोग्राफी की गई और मीडिया की मौजूदगी में इसे अंजाम दिया गया।
फैजान ने अपनी जमानत की शर्तों के तहत भोपाल (Bhopal) के मिसरोद पुलिस स्टेशन में तिरंगा फहराया और भारत माता की जय के नारे लगाए। एक वीडियो में उसे कथित तौर पर “पाकिस्तान जिंदाबाद भारत मुर्दाबाद” के नारे लगाते हुए देखा गया था।
मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित हाईकोर्ट ने 15 अक्टूबर को उसे 50,000 रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही राशि के एक सॉल्वेंट जमानतदार के साथ जमानत दे दी।
अदालत ने यह शर्त भी रखी कि वह मुकदमे के अंतिम फैसले तक हर महीने के पहले और चौथे मंगलवार को सुबह 10 बजे से 12 बजे के बीच भोपाल (Bhopal) के मिसरोद पुलिस स्टेशन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगा और पुलिस स्टेशन की इमारत पर फहराए गए राष्ट्रीय ध्वज को 21 बार सलामी देगा और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाएगा।
फैजल निसार का कहना है, “मैं मानता हूं कि मुझसे गलती हुई, मैं हाईकोर्ट के आदेश का पालन करूंगा…एक आदमी वीडियो शूट कर रहा था और इस तरह रील बन गई…मैं मानता हूं कि मुझसे गलती हुई, मैं ऐसा दोबारा कभी नहीं करूंगा। मैं दूसरों से भी कहता हूं कि वे ऐसी गलती न करें….”


