बिहार में सुपरकॉप के तौर पर मशहूर आईपीएस (IPS) अफसर शिवदीप लांडे (Shivdeep Lande) ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। लांडे ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर अपने इस्तीफे का ऐलान किया।
शिवदीप लांडे फिलहाल पूर्णिया रेंज के आईजी के पद पर तैनात हैं। दो हफ्ते पहले ही उनकी इस पद पर तैनाती हुई थी।
महाराष्ट्र के मूल निवासी शिवदीप लांडे का पूरा नाम शिवदीप वामनराव लांडे (Shivdeep Wamanrao Lande) है। उन्होंने महाराष्ट्र के शेगाँव स्थित संत गजानन महाराज कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से बीटेक की पढ़ाई की है।
29 अगस्त 1976 को अकोला में एक किसान परिवार में पैदा हुए शिवदीप लांडे (Shivdeep Lande) ने इंजीनियरिंग में करियर बनाने की जगह यूपीएससी सिविल सर्विसेज़ की परीक्षा दी और आईपीएस बन गए।
लांडे 2006 बैच के बिहार कैडर आईपीएस अफसर हैं। वो पटना, अररिया, मुंगेर और पूर्णिया समेत कई जिलों के पुलिस कप्तान रह चुके हैं।
शिवदीप लांडे (Shivdeep Lande) के इस्तीफे से अटकलें लगाई जा रही हैं कि वो अब राजनीति के मैदान में उतरने वाले हैं।
उन्होंने फेसबुक पर अपने पोस्ट में लिखा है – “मेरे प्रिय बिहार, पिछले 18 वर्षो से सरकारी पद पर अपनी सेवा प्रदान करने के बाद आज मैंने इस पद से इस्तीफा दे दिया है। इन सभी वर्षो में मैंने बिहार को ख़ुद से और अपने परिवार से भी ऊपर माना है। अगर मेरे बतौर सरकारी सेवक के कार्यकाल में कोई त्रुटि हुई हो तो मैं उसके लिए क्षमाप्रार्थी हूँ।
मैंने आज भारतीय पुलिस सर्विस (IPS) से त्यागपत्र दिया है परन्तु मैं बिहार में ही रहूँगा और आगे भी बिहार मेरी कर्मभूमि रहेगी।
जय हिन्द।”
गौरतलब है कि डेढ़ महीने के भीतर बिहार में दो आईपीएस अफसरों ने नौकरी छोड़ देने का ऐलान किया है। कुछ दिन पहले ही लेडी सिंघम के तौर पर मशहूर आईपीएस अफसर काम्या मिश्रा ने निजी कारणों से इस्तीफा दे दिया था।
मूल रूप से ओडिशा की रहने वाली काम्या मिश्रा ने 2019 में पहले ही प्रयास में UPSC की परीक्षा पास की। काम्या मिश्रा ने जिस वक़्त आईपीएस से इस्तीफा दिया उस समय वो दरभंगा में एसपी (ग्रामीण) के पद पर तैनात थीं।


