BJP Candidate Captain Abhimanyu: हरियाणा में वोटिंग की तारीख नजदीक आ गई है। सूबे की जनता 5 साल बाद एक बार फिर से अपना प्रतिनिधि चुनने जा रही है।
हर बार की तरह इस बार भी हरियाणा के विधानसभा चुनाव में कई करोड़पति उम्मीदवार हैं। इस बार के हरियाणा विधानसभा चुनाव में कुल 1028 उम्मीदवार मैदान में हैं।
ADR की रिपोर्ट के मुताबिक इनमें से 538 यानि करीब 52 फीसदी कैंडिडेट करोड़पति हैं। पिछले विधानसभा चुनाव से ये थोड़ा ज्यादा है, पिछली बार 42 फीसदी कैंडिडेट करोड़पति थे।
पार्टी वाइज करोड़पति उम्मीदवारों की बात करें तो बीजेपी पहले पायदान पर है, जहां 96 फीसदी कैंडिडेट करोड़पति हैं। दूसरे नंबर पर कांग्रेस है जहां 94 फीसदी करोड़पति उम्मीदवार हैं। JJP के 70 फीसदी उम्मीदवार करोड़पति हैं।
इस बार के चुनाव में सबसे अमीर उम्मीदवार हैं कैप्टन अभिमन्यु (Captain Abhimanyu)। कैप्टन अभिमन्यु BJP के टिकट पर नारनौंद सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। यह सीट हिसार जिले में आती है।
कैप्टन अभिमन्यु (Captain Abhimanyu) ने चुनावी हलफनामे में जो अपनी संपत्ति घोषित की है, वो है 491 करोड़ रुपये। इसमें बॉन्ड, डिबेंचर और शेयरों में निवेश किए 251 करोड़ रुपये शामिल हैं।
कांग्रेस के खटाना दूसरे सबसे अमीर कैंडिडेट
दूसरे सबसे अमीर उम्मीदवार हैं कांग्रेस के रोहतास सिंह खटाना जिन्होंने अपनी कुल संपत्ति 484 करोड़ रुपए बताई है।
सीनियर गुर्जर नेता रोहतास सिंह इस बार भी गुरुग्राम की सोहना सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। पिछले चुनाव में रोहतास सिंह जननायक जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़े थे, लेकिन हार गए थे।
हरियाणा चुनाव में तीसरी सबसे अमीर उम्मीदवार सावित्री जिंदल हैं। सावित्री जिंदल इस चुनाव में बीजेपी से टिकट चाह रहीं थी लेकिन टिकट नहीं मिला तो पार्टी से बगावत का बिगुल फूँक दिया और हिसार सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रही हैं।
आपको बता दें कि सावित्री जिंदल देश की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल ने अपने हलफनामे में करीब 270 करोड़ रुपये की संपत्ति बताई है।
चौटाला के पास इतनी संपत्ति
हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला इस बार के तीसरे सबसे अमीर उम्मीदवार हैं। जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला एक बार फिर से उचाना कलां विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
नामांकन के समय दाखिल हलफनामे में चौटाला ने 122.55 करोड़ रुपये की संपत्ति का ऐलान किया। इसमें उनके परिवार की 78.54 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 44.01 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है।
INLD नेता अभय सिंह चौटाला ऐलनाबाद से चुनाव लड़ रहे हैं। इन्होंने अपनी संपत्ति 61 करोड़ बताई है।
दो बार सूबे के सीएम रह चुके भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने अपनी संपत्ति 26.48 करोड़ बताई है। कांग्रेस के दिग्गज नेता हुड्डा इस बार भी गढ़ी सांपला किलोई से विधानसभा का चुनाव लड़ रहे हैं।


