हरियाणा विधानसभा चुनाव (Haryana Assembly Elections 2024) के लिए बीजेपी (BJP) का घोषणापत्र (manifesto) जारी हो गया है।
बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने गुरुवार को पार्टी का घोषणापत्र जारी किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल समेत पार्टी के तमाम नेता मौजूद रहे। बीते दिन यानी बुधवार को कांग्रेस ने हरियाणा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी किया था।
बीजेपी (BJP) के घोषणापत्र की बड़ी बातें:-
राज्य की सभी महिलाओं को ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ के तहत प्रतिमाह ₹2,100 वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।
हर घर गृहणी योजना तहत अंत्योदय और BPL परिवारों को ₹500 में रसोई गैस सिलेंडर मिलता रहेगा।
चिरायु आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख प्रति वर्ष मिलने वाली राशि को 10 लाख रुपए किया जाएगा।
अव्वल बालिका योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र में कॉलेज जाने वाली प्रत्येक छात्रा को स्कूटर दिया जाएगा।
2 लाख युवाओं को ‘बिना पर्ची बिना खर्ची’ पक्की सरकारी नौकरी दी जाएगी।
IMT खरखौदा की तर्ज पर 10 औद्योगिक शहरों का निर्माण किया जाएगा और आस-पास के गांवों के 50 हजार से ज्यादा युवाओं को रोजगार दिया जाएगा।
सभी ओबीसी वर्ग के उद्यमियों की, मुद्रा योजना के अतिरिक्त, 25 लाख रुपये तक के ऋण की गारंटी हरियाणा राज्य सरकार उठाएगी।
भारत के किसी भी सरकारी कॉलेज से मेडिकल और इंजीनियरिंग पढ़ने वाले ओबीसी एवं एससी जातियों के हरियाणा के विद्यार्थियों को पूर्ण छात्रवृत्ति दी जाएगी।
महंगाई भत्ता (DA) और पेंशनों को जोड़ने वाले साइंटिफिक फॉर्मूले के आधार पर सभी सामाजिक मासिक पेंशनों में वृद्धि की जाएगी।
छोटी पिछड़े समाज की जातियों (36 बिरादरियों) के लिए पर्याप्त बजट के साथ अलग-अलग कल्याण बोर्ड का गठन किया जाएगा।
भारत सरकार के सहयोग से विभिन्न रैपिड रेल सेवाओं एवं फरीदाबाद से गुरुग्राम के बीच इंटरसिटी एक्सप्रेस मेट्रो सेवा की शुरुआत की जाएगी।
भारत सरकार के सहयोग से केएमपी के ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर का निर्माण एवं नई वंदे भारत ट्रेनों की शुरुआत की जाएगी।
प्रदेश के हर जिले में अलग अलग ओलंपिक खेलों की नर्सरी बनाई जाएगी।
सभी 24 फसलों की MSP (न्यूनतम समर्थन मूल्य) पर खरीद जारी रखी जाएगी।
5 लाख युवाओं के लिए अन्य रोजगार के अवसर एवं नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशन योजना से मासिक स्टाइपेंड दिया जाएगा।
हर हरियाणवी अग्निवीर को सरकारी नौकरी की गारंटी।
शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 5 लाख आवास बनाए जाएंगे।


