कांग्रेस पार्टी देशभर में Bharat Jodo Samvidhan Abhiyaan शुरू करने वाली है। इस अभियान की शुरुआत 26 नवंबर को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम से की जाएगी।
भारतीय संविधान के 75 साल पूरे होने के मौके पर कांग्रेस भारत जोड़ो संविधान अभियान की शुरुआत करेगी। हरियाणा के पूर्व मंत्री और कांग्रेस ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय चेयरमैन कैप्टन अजय यादव ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी।
संविधान के महत्व से लोगों को कराया जाएगा अवगत- अजय यादव
अजय यादव ने कहा कि Bharat Jodo Samvidhan Abhiyaan में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। अजय यादव ने कहा कि इस अभियान के जरिए कांग्रेस देश में सामाजिक न्याय, समानता और जाति जनगणना की मांग को प्रमुखता से उठाएगी। अभियान के तहत देशभर में जागरूकता फैलाई जाएगी और संविधान के महत्व से लोगों को अवगत कराया जाएगा।
RSS ने नहीं अपनाया संविधान- अजय यादव
केंद्र सरकार और RSS पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि आरएसएस ने कभी भी भारतीय संविधान की बात नहीं की और न ही उन्होंने इस संविधान को पूरी तरह से अपनाया है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 साल में देश की संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग हो रहा है, जो संविधान के सिद्धांतों के खिलाफ है।
कैप्टन अजय यादव ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार जाति जनगणना नहीं कराकर सभी वर्गों को उनके अधिकारों से वंचित कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार केवल कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों को लाभ पहुंचा रही है।
मोदी सरकार करती है सरकारी संस्थान का दुरुपयोग- अजय यादव
उन्होंने केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई), आयकर विभाग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग के उदाहरण देते हुए कहा कि इन संस्थानों का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ किया जा रहा है। अजय यादव का कहना था कि इन संस्थाओं का उद्देश्य स्वतंत्रता और निष्पक्षता होनी चाहिए। लेकिन आज इनका दुरुपयोग सत्ता की राजनीतिक मंशाओं को पूरा करने के लिए किया जा रहा है।
कई नेताओं के खिलाफ लगे मुकदमों का उदाहरण देते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि जब ये नेता बीजेपी से जुड़ जाते हैं, तो उनके खिलाफ चल रहे मामले अचानक बंद हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि चंद्र नारायण गाने, प्रफुल्ल पटेल, हिमन्त बिश्व शर्मा और अजित पवार जैसे नेताओं के खिलाफ कई मामले थे। लेकिन जैसे ही वे बीजेपी के साथ जुड़े, इन मामलों पर कार्रवाई बंद हो गई।
मोदी सरकार ने संवैधानिक संस्थाओं पर कर लिया है नियंत्रण
कैप्टन यादव ने यह भी कहा कि मोदी सरकार ने निर्वाचन आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं को अपने नियंत्रण में कर लिया है। उन्होंने विशेष रूप से चुनाव आयोग की स्वतंत्रता पर सवाल उठाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने अपनी बहुमत के बल पर चुनाव आयोग की नियुक्ति प्रक्रिया में हस्तक्षेप किया और मुख्य न्यायाधीश को बाहर कर दिया।
26 नवंबर को शुरू होगा संविधान यात्रा
कैप्टन यादव ने बताया कि 26 नवंबर को अभियान शुरू करने का विशेष महत्व है। उन्होंने आगे कहा कि इसी दिन 1950 में डॉ. बीआर अंबेडकर ने संविधान का अंतिम मसौदा संविधान सभा को प्रस्तुत किया था। इसलिए कांग्रेस इसी दिन से Bharat Jodo Samvidhan Abhiyaan की शुरुआत करने जा रही है।


