बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान ‘दाना’ (Cyclone Dana) तेजी से पश्चिम बंगाल और उड़ीसा की तरफ बढ़ रहा है। आने वाले कुछ समय में पश्चिम बंगाल और उड़ीसा के अलावा कई राज्यों में मौसम बदलने वाला है।
बंगाल की खाड़ी से उठा भीषण चक्रवाती तूफान ‘दाना’ (Cyclone Dana) ओडिशा के तट के करीब पहुंच गया है। इस वजह से राज्य के तटीय इलाकों में गुरुवार सुबह भारी बारिश और तूफानी हवाएं चलीं और समुद्र की स्थिति खराब बनी रही।
मौसम विभाग ने बताया कि पिछले चार घंटों में पारादीप में सबसे अधिक 62 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि केंद्रपाड़ा जिले के राजनगर में 24 मिमी बारिश हुई।
चक्रवात के शुक्रवार तड़के ओडिशा के भीतरकनिका राष्ट्रीय उद्यान और धामरा बंदरगाह के बीच पहुंचने की संभावना है। उस वक़्त हवा की स्पीड 120 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है।
मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल और उड़ीसा के अलावा बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश का अनुमान लगाया है।
अगले 24 घंटे में यूपी के हिस्सों में हल्की बारिश का भी अनुमान लगाया गया है। दाना चक्रवात (Cyclone Dana) के कारण अगले दो दिन मौसम ठंडा रहने का अनुमान है।
मौसम विज्ञान विभाग ने सोशल मीडिया एक्स पर जानकारी देते हुए बताया है कि आने वाले कुछ समय में दाना चक्रवात (Cyclone Dana) के चलते उड़ीसा के कई जिलों में मौसम बदल सकता है और बारिश भी हो सकती है। चक्रवात का असर बंगाल में गंगा के किनारे वाले क्षेत्र में भी देखने को मिलेगा।
मौसम विज्ञान ने और अधिक जानकारी देते हुए कहा है कि 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना है। अभी मौसम सामान्य बना हुआ है। 24 अक्टूबर से 28 अक्टूबर तक उत्तर प्रदेश के सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, बनारस और संत रविदास नगर जिले में बारिश हो सकती है।


