Cyclone Dana गुरुवार शाम को ओडिशा के पुरी और बंगाल के सागर द्वीप के बीच दस्तक दे सकता है। ओडिशा में एनडीआरएफ की कम से कम 20 टीमें और पश्चिम बंगाल में 14 टीमें एहतियात के तौर पर तैनात हैं। स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। 150 से ज्यादा ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं।
बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा दबाव बुधवार सुबह चक्रवाती तूफान ‘दाना’ (Cyclone Dana) में बदल गया। ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों से लोगों को निकालने का काम तेज कर दिया गया है।
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात के 24 अक्टूबर की रात से 25 अक्टूबर की सुबह तक ओडिशा के पुरी और पश्चिम बंगाल के सागर द्वीप के बीच तट से टकराने की उम्मीद है।
भारतीय मौसम विभाग ने कहा है कि हवा की गति 100-110 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की उम्मीद है, जो 120 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है।
आईएमडी के ताजा बुलेटिन के अनुसार, चक्रवात (Cyclone Dana) बुधवार सुबह 8.30 बजे ओडिशा के पारादीप से करीब 560 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और पश्चिम बंगाल के सागर द्वीप से 600 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व में केंद्रित था।
आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने कहा है कि ओडिशा के सबसे अधिक प्रभावित होने की उम्मीद है, जहां भारी से बहुत भारी बारिश और तेज़ हवाएं चलेंगी।


