Delhi पुलिस की स्पेशल सेल ने 19 वर्षीय अनु धनखड़ को नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार किया है।
अनु धनखड़ कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ की सहयोगी है। अनु को उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में नेपाल सीमा के पास पकड़ा गया है। Delhi पुलिस ने इस बात का खंडन किया है कि अनु ने आत्मसमर्पण किया था।
लेडी डॉन अनु बर्गर किंग हत्याकांड में थी वांक्षित
अनु 18 जून को राजौरी गार्डन में बर्गर किंग के एक रेस्टोरेंट में हुई हत्या के मामले में वांछित थी। इस हत्या के पीछे एक Rival गैंग का हाथ था। इस हत्याकांड में एक युवक की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना को अंजाम देने तीन लोग एक बाइक पर सवार होकर आए थे। जिनमें से दो ने रेस्टोरेंट के अंदर घुसकर 20-25 राउंड फायरिंग की थी।
Delhi पुलिस को जांच में पता चला कि अनू ने सोशल मीडिया के माध्यम से युवक को रेस्टोरेंट में बुलाया था और हत्यारों को भी इसकी जानकारी दी थी।
अनु हरियाणा में भी कर चुकी है गोलीबारी
अनु की आपराधिक गतिविधियां एक गोलीबारी की घटना के साथ शुरू हुई थी। अनु ने 21 जनवरी 2024 को हरियाणा के गोहाना में मोतूराम हलवाई की दुकान पर गोलीबारी को अंजाम दिया था। बर्गर किंग हत्याकांड के बाद अनु छिप गई थी, लेकिन पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी हुई थी। वह कटरा की ट्रेन पकड़ने के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन गई थी। सीसीटीवी फुटेज में उसे नारंगी रंग की टी-शर्ट और काली पैंट में देखा गया था। उसे आखिरी बार 19 जून को कटरा रेलवे स्टेशन पर देखा गया था।
वह गैंग लीडर हिमांशु भाऊ और साहिल रितोलिया के संपर्क में थी। अनु नेपाल के रास्ते अमेरिका जाने की तैयारी कर रही थी। इस हत्याकांड में शामिल दो अन्य आरोपी को Delhi पुलिस ने 12 जुलाई को मुठभेड़ में मार गिराया था।
खुफिया जानकारी के बाद पकड़ी गई लेडी डॉन
Delhi पुलिस की स्पेशल सेल अनु की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी हुई थी। पुलिस को खुफिया जानकारी मिली कि 24 अक्टूबर को अनु नेपाल सीमा पार करने की योजना बना रही है। सूचना मिलने के बाद Delhi पुलिस ने अनु को नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार कर लिया।
अनु के खिलाफ हत्या का मामला है दर्ज
अनु के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। अनु के खिलाफ हत्या, हत्या की साजिश और हत्या के प्रयास करने का आरोप भी लगाया गया है। पुलिस ने जांच में पाया कि उसने इंस्टाग्राम पर प्रीती नाम से एक फर्जी अकाउंट बनाया था। अनु कम से कम 15 अलग-अलग नामों से सोशल मीडिया पर सक्रिय थी।


