दिल्ली सरकार के तमाम मंत्री और विधायक सोमवार को राजधानी दिल्ली (Delhi) की सड़कों पर उतरे। इन नेताओं की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी खूब दिखीं।
मुख्यमंत्री आतिशी ने साउथ ईस्ट दिल्ली का दौरा किया। आम आदमी पार्टी के सीनियर नेता मनीष सिसोदिया और सौरभ भारद्वाज ईस्ट दिल्ली में दिखे। गोपाल राय नॉर्थ इस्ट दिल्ली में, कैलाश गहलोत साउथ वेस्ट दिल्ली तथा इमरान हुसैन सेंट्रल और नई दिल्ली में दिखे।
अगर आप दिल्ली (Delhi) की सियासी हलचल से वाकिफ नहीं हैं तो आप सोच रहे होंगे कि दिल्ली सरकार के मंत्री और विधायक अचानक से सड़कों पर क्यों उतर आए हैं?
दरअसल, दिल्ली के मंत्रियों की राजधानी की सड़कों पर परेड के पीछे पूर्व सीएम और AAP ने राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की वो चिट्ठी है जो उन्होंने हाल में सीएम आतिशी को लिखी थी।
आपको बता दें कि अरविंद केजरीवाल ने पिछले दिनों सीएम आतिशी को दिल्ली की सड़कों की हालत को लेकर चिट्ठी लिखी थी। केजरीवाल की इस चिट्ठी के बाद आम आदमी पार्टी सरकार के सभी मंत्रियों की बैठक हुई।
इस मीटिंग में तय किया गया कि दिल्ली सरकार के सभी मंत्री सड़कों का इन्स्पेक्शन करेंगे। इसके जरिए दिल्ली (Delhi) की सड़कों को गड्ढा मुक्त कराने का लक्ष्य रखा गया है।
बीते गुरुवार को अरविंद केजरीवाल खुद भी सीएम आतिशी समेत दिल्ली सरकार के मंत्रियों और विधायकों दिल्ली की सड़कों पर दिखे थे।

केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था, ‘मुझे जेल भेजकर दिल्ली (Delhi) के काम रोक दिए थे। सड़कें भी ख़राब हो गईं। उनका यही मक़सद था। आज मैंने मुख्यमंत्री आतिशी जी के साथ दिल्ली यूनिवर्सिटी में एक सड़क का निरीक्षण किया। इस सड़क को भी जल्दी ठीक किया जाएगा, दिल्ली की बाक़ी सड़कों को भी जल्द ठीक कराया जाएगा।’
दिल्ली सरकार का कहना है कि वो इस साल दीपावली तक दिल्ली (Delhi) की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाना चाहती है।
आपको बता दें कि दिल्ली (Delhi) में PWD की करीब 1400 किलोमीटर लंबी सड़कों का इन्स्पेक्शन किया गया है, इसके लिए ही दिल्ली सरकार के मंत्री सोमवार सुबह 6 बजे से ही सड़कों पर निकल गए थे।
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘x’ पर लिखा है कि दिल्ली सरकार का पूरा कैबिनेट ग्राउंड जीरो पर उतरकर सड़कों का निरीक्षण कर रहा है। उन्होंने लिखा कि ये सभी सड़कें जर्जर हाल में है और जगह-जगह गड्ढे होने के कारण लोगों की यहां ट्रैफिक की समस्या का सामना करना पड़ता है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि युद्धस्तर पर सड़क पर जरूरी सभी रिपेयर किए जाए ताकि लोगों को बेहतर सड़कें मिल सके।
सीएम आतिशी ने खुद NSIC ओखला, मोदी मिल फ्लाइओवर, चिराग दिल्ली, तुगलकाबाद एक्सटेंशन, मथुरा रोड, आश्रम चौक व अंडरपास की सड़कों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सड़कों की रिपेयर का काम जल्द शुरू किया जाए, ताकि लोगों को बेहतर सड़कें मिल सके।
वहीं, इस मुद्दे को लेकर स्वाति मालीवाल ने आम आदमी पार्टी पर तंज भी कसा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। उन्होंने लिखा है कि CM 1 की तरफ से CM 2 को पत्र लिखकर बताना पड़ा कि दिल्ली में सड़कें बहुत ख़राब हैं। CM 2 कई महीनों से PWD और दर्जन मंत्रालयों की मंत्री थीं, लेकिन उन्हें पता ही नहीं था कि दिल्ली की जनता ऐसी कोई समस्या झेल रही है।


