लखनऊ के रहने वाले एक शख्स ने ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट (Flipkart) से दो फोन मंगाए। लेकिन डिलीवरी ब्वॉय (Delivery Boy) जब फोन डिलीवर करने पहुंचा तो उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के आरोप में एक शख्स को हिरासत में लिया है। डिलीवरी ब्वॉय (Delivery Boy) के शव को तलाश किया जा रहा है।
लखनऊ (Lucknow) के डीसीपी ईस्ट शंशाक सिंह ने फ्लिपकार्ट (Flipkart) डिलीवरी ब्वाय (Delivery Boy) हत्याकांड के बारे में बताया है। उन्होंने कहा कि 26 सितंबर को थाना चिनहट में डिलीवरी ब्वॉय भरत कुमार के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने भरत को तलाशना शरू किया।
पुलिस ने भरत कुमार की लास्ट लोकेशन का पता लगाया। जांच की गई कि लापता होने से पहले उसने कितने ऑर्डर डिलीवर किए थे और कितने ऑर्डर उसे डिलीवर करने थे।
पुलिस ने उन लोगों से पूछताछ की जिन्हें भरत कुमार ने ऑर्डर डिलीवर किए थे। इनमें से एक शख्स संदिग्ध लगा। उसका नाम आकाश शर्मा है।
पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आकाश टूट गया। उसने बताया कि उसके दोस्त गजानन शर्मा ने एक दूसरे दोस्त हिमांशु के फोन से दो महंगे फोन ऑनलाइन (Online) ऑर्डर किए थे। ये फोन वीवो वी40 प्रो और गूगल पिक्सल 7 प्रो थे।
लखनऊ डीसीपी ईस्ट शंशाक सिंह के मुताबिक, दोनों फोन की कीमत 90 हजार रुपये बताई गई है। ये फोन कैश ऑन डिलीवरी (COD) पर ऑर्डर किए गए थे। लेकिन आरोपियों ने बिना पेमेंट किए फोन को रखने का फैसला किया। इसके लिए आरोपियों ने डिलीवरी ब्वॉय (Delivery Boy) की हत्या कर दी। उसके शव को डिलीवरी बैग में रख कर नहर में फेंक दिया।
एक आरोपी आकाश शर्मा पुलिस की हिरासत में है। पुलिस उसके साथी गजानन को तलाश कर रही है। जिन दो फोन के लिए डिलीवरी ब्वाय (Delivery Boy) की हत्या की गई वो पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। भरत के शव को तलाशने के लिए NDRF, SDRF और स्थानीय गोताखोरों से मदद ली जा रही है।


