दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा से एक ऐसा मामला सामने आया है जो आपको हैरान कर देगा। ग्रेटर नोएडा पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक का नाम राहुल बताया गया है। राहुल पर आरोप है कि वो मेट्रीमोनियल साइट्स (Matrimonial Site) पर जाकर महिलाओं को शादी का झांसा देता था। जैसे ही महिलाएं उसकी बातों में आती, वो उनसे पैसे लेता और फिर बात करना बंद कर देता था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी का पूरा नाम राहुल चतुर्वेदी है। उसकी उम्र 39 वर्ष है। राहुल ग्रेटर नोएडा के बिसरख का रहने वाला है। ऑनलाइन ठगी (Online Fraud) का आरोपी राहुल अलग अलग मेट्रीमोनियल साइट्स (Matrimonial Site) पर प्रीमियम अकाउंट बनाता था। अपने अकाउंट के जरिए वो महिलाओं से संपर्क करता था।
IIM बेंगलुरू से पढ़ाई करने से पहले राहुल ने मध्य प्रदेश स्थित एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी से बीकॉम कर चुका था। 2012 से 2017 तक इस युवक ने गुरुग्राम में एक कंपनी में नौकरी भी की थी। 2018 से 2021 तक बेंगलुरू स्थित एक MNC में भी जॉब की थी। 2021 में इसकी नौकरी चली गई थी।
वो महिलाओं से कहता था कि वो बड़ी कंपनी में उंचे पद पर काम करता है। पुलिस के मुताबिक राहुल ने कई महिलाओं और लड़कियों को ठगी की शिकार बनाया है।
मेट्रीमोनियल साइट्स (Matrimonial Site) पर महिलाओं के बात करने के बाद वो उनसे ग्रेटर नोएडा, नोएडा या दिल्ली में मिला करता था। महिलाओं का विश्वास जीतने के लिए वो नकली सैलरी स्लिप और फर्जी डॉक्यूमेंट्स दिखाया करता था।
महिलाओं से बात करते हुए वो खुद को मैनेजर या रीजनल मैनेजर बताता था। आरोपी राहुल के निशाने पर वो महिलाएं होती थी जो आर्थिक रूप से मजबूत हों। राहुल, महिलाओं के साथ उनके परिवार वालों को भी अपने जाल में फंसाता था। ताकी मोटी रकम ठगना आसान हो सके।
इस मामले का खुलासा उस वक्त हुआ जब 40 वर्षीय महिला ने राहुल के खिलाफ ग्रेटर नोएडा पुलिस (Greater Noida Police) मे केस दर्ज करवाया। महिला ने पुलिस को बताया कि राहुल ने उससे करीब 2.5 लाख रुपये ले चुका है। पीड़ित महिला के मुताबिक, राहुल ना उसके पैसे वापस कर रहा था और ना ही शादी कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक वो 16 से ज्यादा महिलाओं को अपना शिकार बना चुका है। पुलिस राहुल से पूछताछ कर रही है। राहुल के मेट्रीमोनियल साइट्स (Matrimonial Site) के अकाउंट खंगाले जा रहे हैं, ताकी पीड़ित महिलाओं की जानकारी मिल सके।


