पूर्व पायलट और मशहूर यूट्यूबर गौरव तनेजा (Gaurav Taneja) एक बार फिर से विवादों में घिर गए हैं। इस बार मामला उनकी निजी ज़िंदगी को लेकर है।
दरअसल, गौरव तनेजा (Gaurav Taneja) और उनकी पत्नी रितु राठी के तलाक होने की खबर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। बता दें कि गौरव तनेजा यूट्यूब पर फैमिली ब्लॉग बनाते हैं। उनके यूट्यूब पर तकरीबन 10 मिलियन सब्सक्राइबर हैं।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। जहां एक महिला प्रेमानंद महाराज से अपनी पर्सनल लाइफ के बारे में बात करती नजर आ रही है। ऐसा दावा किया जा रहा है कि यह महिला ऋतु राठी ही है।
इस वीडियो में एक महिला अपने पति से अलग होने और बेटियों के पालन के लिए बाबा से सलाह लेती नजर आ रही है। इस वीडियो को देखने के बाद लोग गौरव और रितु के रिश्ते को लेकर तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। गौरव तनेजा ने अपनी पत्नी को धोखा देने के अफवाहों पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
फ्लाइंग बीस्ट के नाम से मशहूर गौरव तनेजा (Gaurav Taneja) ने इंस्टाग्राम (Instagram) पर एक पोस्ट लिखा जिसमें उन्होंने अपने फॉलोअर्स से अनुरोध किया कि वे बिना पूरी बात जाने धारणाएं न बनाएं। साथ ही उन्होंने कहा कि उनसे किसी आधिकारिक स्पष्टीकरण की उम्मीद भी न करें।
गौरव ने लिखा, “मैं अपने बच्चों और अपने बच्चे की मां के लिए चुप रहूंगा। पूरी जिंदगी नकारात्मकता और नफरत के साथ जीने के लिए तैयार हूं। कृपया किसी सार्वजनिक स्पष्टीकरण की अपेक्षा न करें। कृपया कोई भी धारणा बनाना बंद करें।”

उन्होंने आगे लिखा, “पुरुषों को बहुत तेजी से खलनायक बना दिया जाता है। हम रोते नहीं, कम बोलते हैं और कम अभिव्यक्त करते हैं। हममें से कुछ लोग ऐसे ही कठोर हैं। सोशल मीडिया पारिवारिक मामलों पर चर्चा करने की जगह नहीं है। कहने के लिए कुछ नहीं बचा है। उम्मीद है कि सब कुछ जल्द ही सुलझ जाएगा।”
इसके अलावा उन्होंने पोस्ट में लिखा कि, वह कार्य प्रतिबद्धताओं के कारण सोशल मीडिया पर सक्रिय रहेंगे। उन्होंने कहा- “मैं अपने व्यक्तिगत मुद्दों के कारण दूसरों को परेशान नहीं कर सकता हूं। तो कृपया मुझे इसके लिए क्षमा करें।”
आपको बता दें कि एयर एशिया के पूर्व पायलट गौरव तनेजा (Gaurav Taneja) तीन यूट्यूब चैनल चलाते हैं। फ्लाइंग बीस्ट इनका सबसे मशहूर चैनल है। साथ ही फिट मसल टीवी और रसभरी के पापा नाम से भी चैनल है।
गौरव तनेजा (Gaurav Taneja) का विवादों से पुराना नाता रहा है। साल 2022 में गौरव तनेजा भी सुर्खियों में आए थे, जब उन्हें CRPC की धारा 144 का उल्लंघन करने के आरोप में नोएडा में गिरफ्तार किया गया था।
धारा 144 लागू होने के बावजूद भी गौरव के हजारों प्रशंसक उनका जन्मदिन मनाने के लिए नोएडा के एक मेट्रो स्टेशन पर इकट्ठा हो गए थे। बता दें कि गौरव तनेजा ने 2016 में शादी की और उनकी दो बेटियां हैं। उनका नाम राशि और पीहू है।


