जाने माने अभिनेता और शिवसेना नेता गोविंदा (Govinda) अपनी ही बंदूक से गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुंबई पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि गोविंदा (Govinda) को मंगलवार सुबह गलती से अपने ही रिवॉल्वर से पैर में गोली लग गई। उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कहा जा रहा है कि ये घटना उस वक़्त हुई जब गोविंदा मुंबई में अपने घर पर रिवॉल्वर साफ कर रहे थे। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
समाचार एजेंसी एएनआई ने गोविंदा के मैनेजर के हवाले से कहा है, “वह अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर को कवर में रख रहे थे, उसी दौरान पैर पर गिर गया और गोली लग गई।”
बताया जा रहा है कि घटना के वक़्त गोविंदा की पत्नी सुनीता घर पर नहीं, बल्कि जयपुर में थीं। लेकिन खबर सुनते ही जयपुर से मुंबई के लिए रवाना हो गईं।
गोविंदा (Govinda) ने अस्पताल से ऑडियो जारी कर अपने शुभचिंतकों का धन्यवाद किया है।
गोविंदा ने कहा, “आप सभी और मेरे माता-पिता के आशीर्वाद से गोली निकाल दी गई है। मैं डॉक्टरों और आपका धन्यवाद करता हूं कि आपने मुझे अपनी प्रार्थनाओं में शामिल रखा।”


