हरियाणा विधानसभा चुनाव (Haryana Election) के नतीजे आ गए है। हरियाणा में कांग्रेस 90 में से सिर्फ 37 सीटें ही जीत पाई।
बीजेपी ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। बीजेपी ने 48 सीटों पर जीत दर्ज की है। हरियाणा में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है।
कांग्रेस ने हरियाणा में हार (Haryana Election) मानने से इनकार कर दिया है। साथ ही कांग्रेस ने नतीजों (Haryana Election) में हेरफेर और गड़बड़ी करने का आरोप भी लगाया है। हरियाणा में मिली हार का ठीकरा कांग्रेस ने एक बार फिर ईवीएम के सिर पर फोड़ा है।
नतीजे आने के बाद कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, ‘हरियाणा में नतीजे (Haryana Election) पूरी तरह से अप्रत्याशित, आश्चर्यजनक और हमारी उम्मीद के विपरीत हैं। यह वास्तविकता के भी उलट हैं। यह हरियाणा के लोगों द्वारा तय किए गए बदलाव के खिलाफ हैं। हमारे लिए इन परिस्थितियों में आज घोषित किए गए परिणामों को स्वीकार करना संभव नहीं है।’
भाजपा की जीत हेरफेर की जीत है- जयराम रमेश
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने भाजपा पर आरोप लगाया कि हरियाणा (Haryana Election) में आज जो जीत हुई है, वह हेरफेर की जीत है। उन्होंने कहा कि यह लोगों की इच्छा को विफल करने की जीत है और यह पारदर्शी, लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की हार है।

जयराम ने कहा, ‘मैं पूरी दोपहर चुनाव आयोग के संपर्क में था। उन्होंने मेरी शिकायतों का जवाब दिया है, मैंने उनके जवाब का भी जवाब दिया है। हमें हरियाणा के कम से कम तीन जिलों में मतगणना की प्रक्रिया, ईवीएम के कामकाज के बारे में बहुत गंभीर शिकायतें मिली हैं। और भी शिकायतें आ रही हैं। अभी जानकारी एकत्रित की जा रही है। हमें उम्मीद है कि हम इसे आज या कल चुनाव आयोग के सामने पेश करेंगे। हमसे जीत छीन ली गई है।’
कांग्रेस नेता ने कहा कि शुरुआती रिपोर्टों के आधार पर, हरियाणा में कम से कम 12-14 सीटें ऐसी हैं, जहां उम्मीदवारों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। यह मतगणना प्रक्रिया की ईमानदारी और ईवीएम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता है। जयराम ने आगे कहा कि चुनाव आयोग उनका पहला पड़ाव है और उसके बाद वह इस पर फैसला करेगा कि और क्या करने की जरूरत है।
यह व्यवस्था की जीत और लोकतंत्र की हार है- पवन खेड़ा
वहीं कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने भी ईवीएम पर हमला बोलते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “नतीजे पूरी तरह से अप्रत्याशित हैं और हम तो यहां तक कहेंगे कि ये अस्वीकार्य हैं। जिस तरह की शिकायतें लगातार आ रही हैं। हमारे उम्मीदवार तीन जिलों हिसार, महेंद्रगढ़ और पानीपत से लगातार शिकायतें कर रहे हैं। हमारे पास लगातार शिकायतें आ रही हैं कि कैसे कुछ मशीनों की बैटरियां जो 99% थीं, उनमें हमें हारते हुए दिखाया गया और जिन मशीनों को छुआ नहीं गया, जिनकी बैटरियां 60-70% थीं, उनमें हमारा उम्मीदवार जीतता हुआ दिखाया गया…”
पवन खेड़ा ने आगे कहा, “अगर एक लाइन में कहा जाए तो ये व्यवस्था की जीत और लोकतंत्र की हार है। हम इसे स्वीकार नहीं कर सकते…हम शिकायतें एकट्ठा कर रहे हैं। हमारे उम्मीदवारों ने रिटर्निंग अधिकारियों को शिकायतें दी हैं और अभी भी दे रहे हैं। आने वाले दिनों में हम जल्द ही इन सभी शिकायतों को लेकर चुनाव आयोग जाएंगे और वहां अपनी शिकायत दर्ज कराएंगे।”
कई सीटों पर मामूली अंतर से हारे- भूपिंदर सिंह हुड्डा
पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा ने चुनाव के नतीजों (Haryana Election) पर कहा, हम कई सीटें मामूली अंतर से हार गए हैं। हमें कई जगहों से शिकायतें मिली हैं और हम चुनाव आयोग से मिलेंगे। नतीजे हमारे लिए चौंकाने वाले हैं…”
पार्टी में अंदरूनी कलह के सवाल पर भूपिंदर सिंह हुड्डा ने कहा कि, ”कांग्रेस एकजुट है। आप बीजेपी को देख सकते हैं, अनिल विज अपने घर से बाहर नहीं निकले, रामबिलास शर्मा का टिकट काट दिया गया। लोकतांत्रिक तरीके से पार्टी, ‘मतभेद’ हो सकता है लेकिन कोई ‘मनभेद’ नहीं है।”
हरियाणा चुनाव (Haryana Election) में गठबंधन के सवाल पर पूर्व सीएम ने कहा, ”हमने गठबंधन के बारे में समाजवादी पार्टी से कभी बात नहीं की। सीपीएम ने हमसे पूछा और हमने उन्हें (भिवानी की) सीट दे दी। हमने आम आदमी पार्टी को सीटें ऑफर कीं लेकिन उनके साथ बात बन नहीं पाई।


