आंध्र प्रदेश के एक कॉलेज में लड़कियों के हॉस्टल के टॉयलेट में खुफिया कैमरा मिलने पर बवाल हो रहा है. ऐसा भी कहा जा रहा है कि इस कैमरे से रिकॉर्ड किया गया वीडियो स्टूडेंट्स के बीच वायरल हो गया है.
मामला कृष्णा जिले में स्थित गुडलावलेरु कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग कॉलेज का है. मामला सामने आने के बाद विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है.
राज्य के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं. इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और घटना के सिलसिले में फाइनल ईयर के एक छात्र को हिरासत में भी लिया गया है.
छात्रों के मुताबिक, कथित तौर पर 300 से अधिक वीडियो रिकॉर्ड किए गए और लड़कों के छात्रावास में प्रसारित किए गए.
खबर है कि इंजीनियरिंग कॉलेज के कैंपस स्थित छात्रावास के अंदर रखा कैमरा एक छात्र को मिला, जिसके बाद गुरुवार रात छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया.
इस घटना के बाद कॉलेज परिसर में छात्रों की सुरक्षा और गोपनीयता को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं.
शुक्रवार को सैकड़ों छात्र कॉलेज में इकट्ठा हुए और इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. इस बीच, पुलिस को बुलाया गया और एक छात्र को हिरासत में लिया गया. माना जाता है कि यह छात्र कैमरा लगाने में शामिल था. स्टूडेंट की पहचान उजागर नहीं की गई है और आगे की जांच जारी है.
कॉलेज प्रशासन ने दावा किया है कि लड़कियों के छात्रावास में कोई छिपा हुआ कैमरा नहीं मिला है. कॉलेज प्रशासन पुलिस जांच में सहयोग कर रहा है. कॉलेज प्रशासन का कहना है कि वो कैंपस में सुरक्षा उपाय और मजबूत करेंगे.
पुलिस के मुताबिक, छात्रों और कॉलेज के कर्मचारियों की मौजूदगी में आरोपी के लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट की जांच की गई लेकिन कोई भी आपत्तिजनक सबूत नहीं मिला है.


