झारखंड में विधानसभा चुनाव के बीच आयकर (Income Tax) विभाग एक्शन मोड में है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के करीबी के कई ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी हो रही है।
आयकर (Income Tax) विभाग के अधिकारी शनिवार सुबह से सीएम के निजी सचिव सुनील श्रीवास्तव के रांची और जमशेदपुर स्थित 9 ठिकानों पर छापेमारी कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि टैक्स चोरी के मामले की जांच के लिए आयकर (Income Tax) विभाग की ये छापेमारी हो रही है।
छापेमारी के दौरान CRPF की एक टीम आयकर (Income Tax) विभाग के अफसरों की मदद के लिए तैनात है।
झारखंड में विधानसभा चुनाव 13 और 20 नवंबर को होंगे, वोटों की गिनती 23 नवंबर को होगी।
चुनाव से ऐन पहले आयकर विभाग की छापेमारी को लेकर सियासत शुरू हो गई है।
कांग्रेस का कहना है कि यह झारखंड के लिए कोई नई बात नहीं है।
कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा ने कहा, “राज्य में विपक्षी नेताओं और उनके कर्मचारियों के ठिकानों पर अक्सर आयकर विभाग के छापे पड़ते रहते हैं। चुनाव से पहले आयकर और ईडी के छापों के ज़रिए बीजेपी अपनी पैठ जमाने की कोशिश कर रही है। ऐसी कार्रवाइयों से वे सिर्फ़ विपक्षी नेताओं पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं।”
बीजेपी प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा, “मुझे नहीं पता कि राज्य में सत्तारूढ़ दल छापेमारी को चुनावों से क्यों जोड़ रहे हैं। उन्हें आयकर विभाग का आधिकारिक बयान आने तक इंतजार करना चाहिए।”


