IND VS SA: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच चल रहे 4 मैच के टी20 सीरीज का आखिरी मैच शुक्रवार को खेला गया। भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चौथे टी20 मैच में जीत दर्ज की।
भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका को 135 रन से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने 3-1 से सीरीज पर कब्जा जमा लिया। भारतीय बल्लेबाज संजू सैमसन और तिलक वर्मा ने शानदार शतक जड़ा।
दोनों ही बल्लेबाजों के नाबाद शतक के बदौलत भारतीय टीम ने 20 ओवर में 283 रन का स्कोर खड़ा किया। भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट चटकाए। भारतीय टीम ने इस साल खेले गए 26 टी20 मैचों में से 24 मैचों में जीत हासिल की है।
संजू सैमसन और तिलक वर्मा ने जड़ा शतक
भारतीय बल्लेबाज संजू सैमसन ने 56 गेंदों में नाबाद 109 रन बनाए। वहीं तिलक वर्मा ने महज 47 गेंदों में नाबाद 120 रन बनाया। तिलक वर्मा लगातार दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में शतक जमाने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। सैमसन और तिलक वर्मा ने लगातार दो शतक लगाकर रिकॉर्ड बुक में जगह बनाई। संजू सैमसन टी20 में तीन शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए है।
भारतीय ओपनर संजू सैमसन और तिलक वर्मा ने 210 रनों की नाबाद साझेदारी की। यह भारत की तरफ से टी-20 इंटरनेशनल में सबसे बड़ी पार्टनरशिप भी है। भारतीय टीम ने मैच में कुल 23 छक्के और 17 चौके लगाए। इस प्रकार भारतीय टीम ने 206 रन तो सिर्फ बाउंड्री से ही बनाया।
भारतीय गेंदबाजों ने किया शानदार प्रदर्शन
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत खराब रही। पहले तीन ओवरों में ही 10 रन पर उसके चार विकेट गिर गए। भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने अपने पहले दो ओवरों में ही तीन विकेट चटका लिए। तीसरे ओवर में अर्शदीप सिंह ने लगातार गेंदों पर दो विकेट झटके।
अर्शदीप सिंह ने अपने पहले ओवर की तीसरी गेंद पर रेजा हेंड्रिक्स को क्लीन बोल्ड किया और फिर अपने दूसरे ओवर में एडेन मार्कराम और हेनरिक क्लासेन को पवेलियन वापस भेज दिया। अर्शदीप सिंह ने 20 रन देकर तीन विकेट लिए और दक्षिण अफ्रीका के शीर्ष क्रम को तहस-नहस कर दिया।
148 रन पर ऑलआउट हुई अफ्रीकी टीम
हार्दिक पांड्या ने रयान रिकेलटन को आउट कर भारत को चौथी सफलता दिलाई। पांचवें विकेट के लिए साउथ अफ्रीका ने 86 रन की मजबूत साझेदारी की। साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज ट्रिस्टियन स्टब्स ने 29 गेंदों में तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 43 रन बनाए। वहीं, मिलर ने 27 गेंदों में 36 रन बनाकर अफ्रीकी टीम की जीत की उम्मीद बनाई रखी।
भारतीय गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती ने मिलर को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया। वरुण चक्रवर्ती ने 42 रन देकर दो विकेट झटके। वहीं, अक्षर पटेल ने छह रन देकर दो विकेट लिए। दक्षिण अफ्रीका की पूरी टीम 18.2 ओवर में 148 रन पर बनाकर आउट हो गई।


