T20 World Cup: महिला टीमों के टी20 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2024 का आयोजन यूएई में हो रहा है।
टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) जीतने के लिए भारतीय महिला टीम पूरी तरह से तैयार है। भारतीय टीम ने टूर्नामेंट की शुरुआत रविवार को अभ्यास मैच में वेस्टइंडीज पर जीत के साथ की थी। जीत के इसी सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए भारतीय महिला टीम ने दूसरे अभ्यास मैच में भी शानदार प्रदर्शन किया है। भारतीय टीम ने सोमवार को दुबई के आईसीसी अकादमी ग्राउंड में खेले गए अभ्यास मैच में भी जीत दर्ज की है।
भारतीय महिला टीम ने दक्षिण अफ्रीका पर 28 रन से जीत दर्ज की है। भारत ने टूर्नामेंट (T20 World Cup) शुरू होने से पहले ही जीत का माहौल तैयार कर लिया है। अपने दोनों अभ्यास मुकाबलों में भारतीय टीम ने जीत हासिल की है। पहले अभ्यास मैच में भारत ने वेस्टइंडीज को 20 रनों से हराया था।
टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) के दूसरे अभ्यास मैच में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दक्षिण अफ्रीका की टीम ने शुरुआत में कुछ विकेट चटकाए। भारतीय बल्लेबाज शैफाली वर्मा दो गेंद पर जीरो पर आउट हो गईं। वहीं भारतीय कप्तान हरमनप्रीत भी 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं।
भारत की पारी को स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना और जेमिमा रोड्रिगेज ने संभाला। बता दें कि पिछले अभ्यास मैच में जेमिमा रोड्रिगेज ने अर्धशतकीय पारी खेली थी। जेमिमा ने 30 रन बनाकर आउट हो गई। भारतीय टीम का स्कोर 67/4 हो गया। भारतीय बल्लेबाज ऋचा घोष ने दमदार पारी खेलते हुए टीम की वापसी कराई।
ऋचा घोष को दूसरे छोर से दीप्ति शर्मा का समर्थन प्राप्त हुआ। उन्होंने केवल 50 गेंदों पर 70 रन की साझेदारी की। ऋचा ने दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों की जमकर धोया और दो छक्के और दो चौके लगाकर 25 गेंदों में 36 रन बनाई। दीप्ति 35 रन बनाकर नाबाद रहीं और दक्षिण अफ्रीका की अयाबाँगा खाका ने अंतिम ओवर में तीन विकेट लेकर भारतीय टीम का स्कोर 150 रन के पार जाने से रोक दिया।
दक्षिण अफ्रीका ने शुरुआती ओवरों में अच्छा खेल दिखाते हुए भारतीय स्टार गेंदबाज पूजा वस्त्राकर को संभल कर खेला। दक्षिण अफ्रीकी टीम ने पावरप्ले में अच्छा खेल दिखाया। लेकिन पावरप्ले के बाद दक्षिण अफ्रीका ने जल्दी-जल्दी विकेट गवाना शुरू कर दिया और 37/0 के स्कोर से 66/4 पर पहुंच गए।
दक्षिण अफ्रीका की टीम भारतीय गेंदबाजों द्वारा पहुंचाए गए नुकसान से उबर नहीं पाईं और 17वें ओवर में उनका स्कोर 98/6 पहुंच गया। क्लो ट्रायोन के 20 गेंदों में 24 और एनेरी डर्कसन के 16 गेंदों में 21 रन की पारी के बावजूद दक्षिण अफ्रीका की टीम 20 ओवरों में सिर्फ 116 रन ही बना सकी।
आपको बता दें कि भारतीय महिला टीम का टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) में अगला मुकाबला 4 अक्टूबर को है। भारतीय टीम दुबई में इस मुकाबले में न्यूजीलैंड से भिड़ेगी।


