महिला टी-20 वर्ल्ड कप के करो या मरो मैच (INDvAUS) में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 9 रन से हरा दिया। इस हार के बाद सेमीफाइनल में पहुंचने की टीम इंडिया की उम्मीदें लगभग खत्म हो गईं।
भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में चार में से केवल दो मैच ही जीत सकी है। अब अगर पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को बड़े अंतर से हरा दिया, तभी टीम इंडिया सेमीफाइनल खेल पाएगी।
शारजाह में रविवार को खेले गए ग्रुप स्टेज के एक मुकाबले (INDvAUS) में भारत की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 142 रन पर ढेर हो गई।
मैच के आखिरी ओवर की पहली गेंद फेंके जाने तक भारत की जीत उम्मीद बनी हुई थी लेकिन इस ओवर में 4 विकेट गिर गए। अरुंधति रेड्डी, श्रेयांका पाटिल और राधा यादव बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं।
INDvAUS: टीम इंडिया की तरफ से ओपनिंग करने उतरीं शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना कुछ खास नहीं कर सकीं।
पावरप्ले के 6 ओवरों में भारत ने 2 विकेट गंवा दिए। शेफाली वर्मा 13 गेंद पर 20 रन बनाकर आउट हुईं तो मंधाना मात्र 6 रन बनाकर LBW हो गईं।
जेमिमा रोड्रिग्ज 7वें ओवर में कैच आउट हो गईं। जेमिमा ने 12 गेंद पर 16 रन बनाए।
कप्तान हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा ने चौथे विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी भरी पारी खेली। 16वें ओवर में दोनों ने टीम का स्कोर 100 रन के पार भी पहुंचा दिया।
लेकिन इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर दीप्ति शर्मा 29 के स्कोर पर आउट हो गईं। हरमनप्रीत कौर ने नाबाद 54 रनों की पारी खेली।
INDvAUS: इससे पहले, पिछले बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 151 रन बनाए।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से ग्रैस हैरिस ने सबसे ज्यादा 40 रन बनाए। ताहलिया मैक्ग्रा और एलिस पेरी ने 32-32 रनों की पारी खेली।
भारत की तरफ से दीप्ति शर्मा और रेणुका सिंह ठाकुर ने 2-2 विकेट लिए।
पूजा वस्त्राकर, श्रेयांका पाटिल और राधा यादव ने भी 1-1 विकेट लिए। पूजा ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना 100वां विकेट पूरा किया।
भारत प्लेइंग-11:
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्ज, ऋचा घोष (विकेटकीपर), पूजा वस्त्राकर, दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, श्रेयांका पाटिल, राधा यादव और रेणुका सिंह ठाकुर।
ऑस्ट्रेलिया प्लेइंग-11:
ताहलिया मैक्ग्रा (कप्तान), बेथ मूनी, ग्रैस हैरिस, एलिस पेरी, एश्ले गार्डनर, फीब लीचफील्ड, जॉर्जिया वेयरहम, एनाबेल सदरलैंड, सोफी मोलेनिक्स, मेगन शट और डार्सी ब्राउन।


