भारतीय क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) के तेज गेंदबाज रहे इशांत शर्मा का आज (2 सितंबर) 36वां जन्मदिन है। इशांत शर्मा के जन्मदिन पर फैंस उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं। ऐसे में हम इशांत शर्मा के उस यादगार मैच की बात करने जा रहे हैं, जब उन्होंने लॉर्ड्स के मैदान पर सटीक यॉर्कर डाली थी और गेम पलट कर रख दिया था।
बात 21 जुलाई 2014 की है। लॉर्ड्स के मैदान (Lord’s Cricket Ground) पर भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट मैच चल था। एमएस धोनी (MS Dhoni) टीम के कप्तान थे। उनकी अगुआई में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 295 रन बनाए। इसके जवाब में इंग्लैंड ने 319 रन बनाए और बढ़त हासिल की। भारत ने दूसरी पारी खेलते हुए 342 रन बनाए।
ऐसे में जीत की सारी जिम्मेदारी गेंदबाजों के कंधों पर आ गई। एक तरफ इंग्लैंड की टीम बल्लेबाजी कर रही थी। तो वहीं भारतीय गेंजबाजों को उन्हें रोकना था। इस मैच में इशांत शर्मा ने ऐसी बॉलिंग डाली जिसके आगे इंग्लैंड की टीम पस्त हो गई। इशांत शर्मा ने उस पारी में 74 रन देकर 7 विकेट लिए।
इंग्लैड के एलिस्टर कुक, इयान बेल, जो रूट, मोईन अली, मैट प्रायर, बेन स्टोक्स, स्टुअर्ट ब्रॉड, ये वो स्टार्स क्रिकेटर थे, जिनपर इशांत की बॉलिंग का कहर बरपा था। इस मैच में इशांत के टेस्ट करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी देखने को मिली थी। इस यादगार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। भारत ने 1986 के बाद से लॉर्ड्स के मैदान पर कोई टेस्ट मैच (Test Match) नहीं जीता था। ऐसे में इशांत की जादुई गेंदबाजी के चलते भारत के सिर जीत का ताज भी सजा था।


