इजरायल (Israel) ने दक्षिणी लेबनान में हिज्बुल्लाह के 1600 ठिकानों पर बम बरसाया है। इन हमलों में 492 लोग मारे गए हैं, वहीं 1645 लोग घायल हैं।
इजरायल (Israel) ने सोमवार को लेबनान में हिज्बुल्लाह के 1600 से अधिक ठिकानों पर हमला किया। इजरायल ने पूरी रात हिज्बुल्लाह के ठिकानों पर बम गिराया है। हमले में 492 लोगों की मारे जाने की खबर है। वहीं 1645 लोग घायल हैं।
मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है और हमले भी जारी हैं। हिज्बुल्लाह ने भी इजरायल पर रॉकेट दागा है। इजरायल ने अपने देश में 7 दिन की इमरजेंसी घोषित कर दी है।
आपको बता दें कि हफ्तेभर पहले लेबनान में पेजर-वॉकी-टॉकी ब्लास्ट हुआ था। इस हमले में हिज्बुल्लाह के 10 लोगों की मौत हो गई थी और 4000 से अधिक लोग घायल हो गए थे। लेबनान में हुए पेजर हमले के पीछे इजरायल (Israel) का हाथ बताया गया था। इसी हमले के बाद इजरायल और हिज्बुल्लाह के बीच जंग छिड़ गई है।
हिज्बुल्लाह ने इजरायल पर 200 रॉकेट दागे
इजरायल (Israel) की कार्रवाई का जवाब देते हुए हिज्बुल्लाह ने भी उत्तरी इजरायल में 200 से अधिक रॉकेट दागे हैं। सोमवार देर रात हिज्बुल्लाह ने उत्तरी इजरायल के हाइफा, अफुला, नाजरेथ और अन्य शहरों में रॉकेट दागे। हिज्बुल्लाह ने कहा कि हमने इजरायल के कई सैन्य ठिकानों और एयरपोर्ट को निशाना बनाया है।
इजरायल डिफेंस फोर्सेज ने कहा कि अधिकांश रॉकेटों को हमारे आयरन डोम डिफेंस सिस्टम ने रोक दिया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
इजरायल (Israel) के मुताबिक उनकी सरकार हिज्बुल्लाह के आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन नॉर्दन एरो चला रही है। इस ऑपरेशन के तहत अभी तक लेबनान के दक्षिणी इलाके में स्थित हिज्बुल्लाह के 1600 ठिकानों पर हमला किया गया है। हिज्बुलाह के कई लड़ाकों की मौत की भी खबर है।
हमले के बाद दक्षिणी लेबनान में रहने वाले हजारों लोग अपनी जान बचाने के लिए कस्बों और गांवों को छोड़कर राजधानी बेरूत की ओर भाग गए हैं। इंडिया टुडे ने लेबनानी स्वास्थ्य मंत्रालय के हवाले से खबर दी है कि, हिजबुल्लाह के ठिकानों पर इजरायली हमलों में दर्जनों महिलाओं और बच्चों सहित 492 लोगों की मौत हो गई और 1645 लोग घायल हो गए हैं।
अब तक की लड़ाई में लेबनान में सैकड़ों लोग मारे गए हैं। इजरायल ने हिज्बुल्लाह को उत्तरी इजरायल की सीमा से पीछे धकेलने का संकल्प लिया है। वहीं लेबनान सीमा पर हिज्बुल्लाह के लड़ाके लगातार हमले कर रहे हैं।
हिज्बुल्लाह ने कहा है कि जब तक गाजा में युद्ध विराम नहीं हो जाता तब तक वह अपने हमले जारी रखेगा। बता दें कि पिछले साल 7 अक्तूबर से ही इजरायल और हमास के बीच युद्ध चल रहा है।


