इजरायल ने सोमवार को बड़ी घोषणा की है। इजरायल ने दावा किया कि Hezbollah ने बंकर में खजाना छिपा कर रखा हुआ है।
इजरायल ने दावा किया कि Hezbollah ने बेरूत के एक हॉस्पिटल के नीचे गुप्त बंकर में करीब 50 करोड़ डॉलर का सोना और नकदी छिपा रखा है। बंकर को हिज्बुल्लाह का मुखिया हसन नसरल्लाह चलाता था।
हाल ही में इजरायल के हमले में नसरल्लाह की मौत हो गई थी। इजरायल रक्षा बल (IDF) के अनुसार इस बंकर में सैकड़ों मिलियन डॉलर नकद और सोना मौजूद है। जिसका उपयोग हिजबुल्लाह इजरायल पर हमला करने के लिए करता था।
IDF ने जारी की बंकर की तस्वीर
IDF के प्रवक्ता रियर डैनियल हगारी ने बंकर का ग्राफिक फोटो और वीडियो जारी किया है। उन्होंने कहा कि इजरायल इस बंकर पर हमला नहीं करेगा क्योंकि यह बंकर अस्पताल के नीचे है।
डैनियल हगारी ने कहा कि “आज रात, मैं उस स्थल की जानकारी सार्वजनिक कर रहा हूं जिसपर हमने हमला नहीं किया। जहां Hezbollah के पास लाखों डॉलर और सोना है। यह बंकर अल-सेहल अस्पताल के ठीक नीचे स्थित है।”
उन्होंने आगे कहा, “बंकर को जानबूझकर एक अस्पताल के नीचे बनाया गया है और इसमें भारी मात्रा में नकदी और सोना रखा गया है। उस पैसे का इस्तेमाल लेबनान के पुनर्वास के लिए किया जा सकता था, लेकिन यह Hezbollah के पुनर्वास के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।
लेबनान सरकार बंकर का निरीक्षण करे- IDF
IDF प्रवक्ता ने लेबनान सरकार और लेबनान अधिकारियों से बंकर के निरीक्षण करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा, “मैं लेबनान की सरकार, लेबनान के अधिकारियों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों से अपील करता हूं कि हिजबुल्लाह को आतंक फैलाने और इजरायल पर हमला करने के लिए बंकर के पैसे का इस्तेमाल नहीं करने दें।”
IDF ने दावा किया है कि बंकर दो अन्य इमारतों से भी जुड़ा हुआ है। जिनका उपयोग बंकर में प्रवेश करने और निकलने के लिए किया जाता है। IDF के अनुसार बंकर में ऑपरेशन चलाने के लिए कमांड सेंटर भी बनाया गया है। बंकर में लंबे समय तक रहने के लिए बिस्तर और कमरे भी हैं।
IDF के प्रवक्ता ने कहा कि हमारी लड़ाई लेबनान के नागरिकों से नहीं है। हगारी ने लेबनान के लोगों से अपील की कि वे हिजबुल्लाह को अस्पताल के नीचे अपना धन जमा नहीं करने दें।


