हमास प्रमुख याह्या सिनवार की हत्या के कुछ दिनों बाद इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू (Netanyahu) के घर पर ड्रोन से हमला हुआ है।
इजरायली प्रधानमंत्री के प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि कैसरिया शहर स्थित बेंजामिन नेतन्याहू (Netanyahu) के निजी आवास की ओर एक ड्रोन हमला हुआ है।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, लेबनान से लॉन्च किया गया एक ड्रोन शनिवार को दक्षिणी हाइफ़ा के कैसरिया में इज़राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के निजी आवास के पास फट गया।
प्रधानमंत्री के प्रवक्ता ने बताया कि हमले के समय नेतन्याहू (Netanyahu) और उनकी पत्नी घर पर मौजूद नहीं थे। इस हमले में फिलहाल किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। नेतन्याहू छुट्टियों के वक़्त इसी घर में रहते हैं।
यह हमला इज़राइल द्वारा गाजा में हमास प्रमुख याह्या सिनवार को मार गिराने के दो दिन बाद हुआ है।
लेबनान से दागे गए दो अन्य ड्रोन को हवाई सुरक्षा बलों ने मार गिराया, जिससे तेल अवीव क्षेत्र में सायरन बजने लगे। हालांकि, तीसरा ड्रोन कैसरिया में एक इमारत से टकराया, जिससे जोरदार धमाका हुआ।
इजराइली मीडिया के मुताबिक, ड्रोन ने लेबनान से लगभग 70 किलोमीटर की दूरी तय की और फिर कैसरिया में इमारत पर हमला किया।
हालांकि, ड्रोन हमले की जिम्मेदारी लेबनान के ईरान समर्थित समूह हिज़्बुल्लाह या किसी अन्य आतंकवादी समूह ने नहीं ली है।
यह हमला हमास के 7 अक्तूबर 2023 को इजराइल पर हमले के मास्टरमाइन्ड याह्या सिनवार की हत्या के कुछ दिनों बाद हुआ है।
7 अक्तूबर 2023 के हमले के बाद इजराइल ने गाजा में हमले शुरू कर दिए थे। इजराइली सेना ने एक साल तक चले तलाशी अभियान के बाद याह्या सिनवार को मार गिराया है।


