दिल्ली के पॉश इलाके साउथ दिल्ली में अपराधियों ने सरेआम गोली चलाई और जिम के ओनर को मौत के घाट उतार दिया। ये घटना ग्रेटर कैलाश में हुई है। इसे अंजाम देने वाले लॉरेंस बिश्नोई (Lawrence Bishnoi) गैंग से ताल्लुक रखते हैं। ये वाक्या गुरुवार रात का है, जब 10:45 बजे ग्रेटर कैलाश में जिम चलाने वाले नादिर शाह को उसकी जिम के बाहर मौत के घाट उतार दिया गया था।
हमलावरों ने नादिर शाह पर 6 से 7 राउंड फायर किए। नादिर शाह को बेहद करीब से गोली मारी गई। अस्पताल पहुंचने से पहले नादिर शाह की मौत हो गई थी। साउथ दिल्ली के डीसीपी का कहना है कि मामले की जांच हो रही है। इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस वारदात वाली जगह के आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकी हत्यारों की पहचान हो सके। पुलिस की पांच टीम इस मामले की तफ्तीश कर रही है।
इस वारदात की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई (Lawrence Bishnoi) गैंग के गैंगस्टर रोहित गोदारा ने ली है। रोहित गोदारा राजस्थान से है। वारदात के कुछ देर बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट आती है। इस पोस्ट में दावा किया जाता है कि दिल्ली के इस हत्याकांड पीछे रोहित गोदारा का हाथ है। पोस्ट से जाहिर होता है कि ये हत्याकांड गैंगवार का नतीजा है। फिलहाल इस मामले को लेकर दिल्ली पुलिस की जांच जारी है।


