दिवाली से पहले Modi सरकार ने बिहार और आंध्र प्रदेश को बड़ा तोहफा दिया है।
केंद्र सरकार ने दिवाली और छठ पर सात हजार स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। केंद्र सरकार के इस फैसले से रोज दो लाख यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। कैबिनेट बैठक में दो बड़ी रेल परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई है।
Modi सरकार ने गुरुवार को कैबिनेट की बैठक बुलाई थी। कैबिनेट बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने साझा की है।
बिहार को मिला बड़ा तोहफा
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी कि कैबिनेट बैठक में दो रेल परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। पहली रेल परियोजना के तहत उत्तर बिहार को पूर्वी राज्यों से जोड़ा जाएगा। इसके तहत नरकटियागंज-रक्सौल-सीतामढ़ी-दरभंगा-मुजफ्फरपुर रेलवे लाइन का दोहरीकरण किया जाएगा। इस परियोजना पर 4,533 करोड़ रुपए की लागत आएगी।
केंद्रीय रेल मंत्री ने कहा कि नरकटियागंज-रक्सौल-सीतामढ़ी-दरभंगा और सीतामढ़ी-मुजफ्फरपुर के रेल लाइन के दोहरीकरण से नेपाल, पूर्वोत्तर भारत और सीमावर्ती क्षेत्रों से कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
अमरावती में रेलवे लाइन
दूसरी रेल परियोजना के तहत अमरावती में रेलवे लाइन बनाने को मंजूरी मिली है। इसके लिए कृष्णा नदी पर 3.2 किमी लंबा नया रेलवे पुल बनाया जाएगा। यह अमरावती को हैदराबाद, चेन्नई, कोलकता और नागपुर से जोड़ेगा।
रेल मंत्री ने बताया कि 57 किमी लंबी रेल लाइन एर्रुपलेम-अमरावती-नंबुरु आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा और गुंटूर जिलों और तेलंगाना के खम्मम जिले से होकर गुजरेगी। उन्होंने आगे कहा कि आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और बिहार के आठ जिलों को कवर करने वाली इन दोनों परियोजनाओं पर कुल 6,978 करोड़ की खर्च आएगी।
स्पेस सेक्टर को मिला 1000 करोड़
Modi सरकार ने स्पेस सेक्टर में काम करने वाले स्टार्टअप्स के लिए भी बड़ी घोषणा की है। कैबिनेट ने 1000 करोड़ रुपए का वेंचर कैपिटल फंड बनाने की मंजूरी दे दी है। सरकार ने IN-SPACE के तहत स्पेस सेक्टर के लिए 1000 करोड़ का वेंचर कैपिटल फंड बनाने का फैसला लिया है। इस फंड को 5 साल में खर्च किया जाएगा। सरकार के इस फैसले से लगभग 40 स्टार्टअप्स को मदद मिलने की उम्मीद है।


