भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी के लिए तैयार हैं।
मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) मध्य प्रदेश के खिलाफ बुधवार को शुरू हो रहे रणजी ट्रॉफी के मुकाबले में बंगाल के लिए खेलेंगे।
बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) ने मंगलवार को जारी एक प्रेस बयान में यह जानकारी दी है।
बयान के मुताबिक, शमी (Mohammed Shami) इंदौर में मध्य प्रदेश के खिलाफ बंगाल के तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई करेंगे।
आपको बता दें कि शमी (Mohammed Shami) पिछले साल 19 नवंबर को अहमदाबाद में खेले गए वर्ल्ड कप फाइनल मुकाबले के बाद से प्रतिस्पर्धी मैचों से बाहर हैं।
सीएबी के बयान में कहा गया है, “शमी का बंगाल टीम में शामिल होना न केवल एक बड़ा प्रोत्साहन होगा, बल्कि पूरी टीम का मनोबल भी बढ़ाएगा। बंगाल का लक्ष्य रणजी ट्रॉफी के अगले दौर में जगह बनाना है।”
बंगाल फिलहाल 4 मैचों में 8 अंक लेकर अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है। उसने कर्नाटक के खिलाफ अपने आखिरी मैच से तीन महत्वपूर्ण अंक हासिल किए हैं।
पिछले साल वर्ल्ड कप के दौरान टखने में चोट लगने के बाद शमी (Mohammed Shami) ने सर्जरी करवाई थी और घरेलू सत्र के दौरान वापसी की उम्मीद थी।
हालांकि, इस महीने की शुरुआत में उन्हें घुटने में सूजन के कारण फिर से चोट लग गई, जिससे उनकी वापसी में देरी हुई।
शमी को भारत की 18 सदस्यीय बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी टीम में शामिल नहीं किया गया था, लेकिन इस तेज गेंदबाज को उम्मीद है कि वह सीरीज के उत्तरार्ध में ऑस्ट्रेलिया का दौरा कर सकते हैं।
माना जा रहा है कि शमी (Mohammed Shami) की जिम्मेदारी अब धीरे-धीरे बढ़ाई जाएगी और बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दूसरे भाग में उनकी वापसी को लक्ष्य बनाया गया है।


