साल 2024 में हुए लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद से ही केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) का नाम प्रधानमंत्री के दावेदार के तौर पर चलने लगा था।
लेकसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद जब बीजेपी अपने दम पर बहुमत हासिल नहीं कर पाई तो राजनीतिक जानकारों ने दावा किया कि RSS नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) को प्रधानमंत्री बना सकती है। हाल ही में नितिन गडकरी ने एक इंटरव्यू में कहा था कि विपक्ष ने उन्हें पीएम पद का ऑफर दिया था।
गुरुवार को इंडिया टुडे चैनल को दिए एक इंटरव्यू में नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) ने फिर से दोहराया कि उन्हें विपक्षी पार्टियों ने प्रधानमंत्री पद का ऑफर दिया था। साथ ही नितिन गडकरी ने सफाई देते हुए कहा कि उनकी पीएम बनने की महत्वाकांक्षा नहीं है।
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) ने कहा कि ”जब मुझे एक विपक्षी दल ने प्रधानमंत्री पद की पेशकश की तो मैंने उनसे पूछा कि आप मुझे प्रधानमंत्री क्यों बनाना चाहते हैं और मुझे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का साथ क्यों नहीं देना चाहिए?”
उस वक़्त गडकरी ने विपक्षी दल से कहा कि प्रधानमंत्री बनने की उनकी कोई महत्वाकांक्षा नहीं है। उन्होंने कहा, ”मुझे लोकसभा चुनाव से पहले और चुनाव के बाद भी प्रधानमंत्री पद का प्रस्ताव दिया गया था। ”
जब नितिन गडकरी से पूछा गया कि क्या वो पीएम मोदी का विकल्प बनने के लिए तैयार हैं और नितिन गडकरी सक्रिय राजनीति से कब संन्यास लेना चाहेंगे? इसके जवाब में गडकरी ने कहा कि वह पीएम पद की दौड़ में नहीं हैं और फिलहाल जहां हैं, वहीं खुश हैं।
उन्होंने कहा- मैं किसी दौड़ में नहीं हूं, न ही मैंने अपना बायोडाटा किसी को दिया है। मैं अपना काम करता रहता हूं। मैं जहां हूं, खुश हूं। आप लोग पीएम नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से इन चीजों के बारे में पूछिए।”
बीजेपी में अपनी भूमिका के बारे में बोलते हुए कहा, “मैं पार्टी का एक आम कार्यकर्ता हूं और आरएसएस का सदस्य हूं। अगर मैं मंत्री नहीं बनूंगा तो भी मुझे चिंता नहीं होगी। मुझे हमेशा से यह लगता है कि राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक बदलाव का एक साधन है। मैं अपना काम करता रहूंगा और किसी बात की चिंता नहीं करूंगा।”
आपको बता दें कि 2024 और 2019 दोनों लोकसभा चुनावों के दौरान नितिन गडकरी का नाम संभावित प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में चर्चा में आया था।


