फिजिक्स यानी भौतिकी विज्ञान के नोबेल पुरस्कार 2024 (Nobel Prize) की घोषणा हो गई है। इस साल ये पुरस्कार AI के गॉडफादर कहे जाने वाले जैफ्री ई. हिंटन और अमेरिकी वैज्ञानिक जॉन जे. होपफील्ड को मिला है।
नोबेल प्राइज़ (Nobel Prize) सेलेक्शन कमेटी ने मंगलवार को विजेताओं के नाम का ऐलान किया। कमेटी ने कहा कि दोनों वैज्ञानिकों ने दुनिया को नए तरीके से कंप्यूटर का इस्तेमाल करना सिखाया है।
दोनों वैज्ञानिकों को ये पुरस्कार मशीन लर्निंग से जुड़ी नई तकनीकों के विकास के लिए दिया गया है जो आर्टिफिशियल न्यूरॉन्स पर आधारित है। इस तकनीक से मशीनों को इंसानी दिमाग की तरह सोचना और समझना सिखाया जाता है।
जैफ्री ई. हिंटन (Geoffrey E. Hinton) को जिस मशीन लर्निंग के लिए नोबेल (Nobel Prize) मिला है, उन्होंने उसी के विकसित रूप AI को मानवता के लिए खतरा बताया था। उन्होंने 2023 में AI के विरोध में गूगल से इस्तीफा दे दिया था। जैफ्री ने AI के लिए खुद को जिम्मेदार मानते हुए अफसोस जताया था।
नोबेल पुरस्कार की घोषणा रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंस ने स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम में की। दोनों विजेताओं को 8.90 करोड़ की राशि मिलेगी, जिसे दोनों में बराबर बांट दिया जाएगा।
सोमवार को इस साल के लिए मेडिसिन का नोबेल पुरस्कार अमेरिका के विक्टर एम्ब्रोस और गैरी रुवकुन को दिया गया। नोबेल पुरस्कार वितरण 14 अक्टूबर तक चलेगा।


