Noida News: नोएडा के गार्डन गैलरिया मॉल में एक युवती के साथ छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है।
एक प्राइवेट कंपनी में काम करने वाली युवती ने अपनी ही कंपनी के डायरेक्टर पर अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया है। युवती ने आरोप लगाया कि ऑफिस पार्टी ने दौरान उसके डायरेक्टर ने छेड़छाड़ की। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने किया आरोपी को गिरफ्तार
नोएडा पुलिस ने कहा कि पीड़िता की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। थाना सेक्टर 39 के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित युवती ने सोमवार रात को थाने में मामला दर्ज कराया था। थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा।
गार्डन गैलरिया मॉल में चल रही थी ऑफिस पार्टी
नोएडा पुलिस के मीडिया सेल के मुताबिक पीड़ित युवती ने अपनी शिकायत में कहा कि वह इंदिरापुरम स्थित एक बिल्डिंग कंसल्टेंसी फर्म में काम करती है। कंपनी के डायरेक्टर भूपेंद्र कुमार रमैया ने शनिवार को नोएडा के सेक्टर 38A में स्थित गार्डन गैलरिया मॉल के एक रेस्टोरेंट में अपने कर्मचारियों के लिए पार्टी का आयोजन किया था।
डायरेक्टर नशे की हालत में किया छेड़छाड़
पीड़ित युवती ने कहा है कि जब वह पार्टी में पहुंची तो उसकी कंपनी के डायरेक्टर रमैया नशे की हालत में उसके साथ अश्लील हरकत की और उसे गलत तरीके से छूआ। पीड़िता ने बताया कि जब उसने रमैया के इस आचरण का विरोध किया तो डायरेक्टर ने उसे नौकरी से निकालने की धमकी दी। साथ ही डायरेक्टर ने गंभीर परिणाम भुगतने की भी चेतावनी दी।


