किरण राव की फिल्म ‘लापता लेडीज’ (Laapataa Ladies) ऑस्कर 2025 की रेस में पहुंच गई है। भारत की तरफ से इस साल कुल 29 फिल्में ऑस्कर अवॉर्ड की रेस में थीं।
मशहूर डायरेक्टर किरण राव की फिल्म लापता लेडीज (Laapataa Ladies) को इस साल भारत की तरफ से ऑस्कर के लिए भेजा जा रहा है। यानी लापता लेडीज को ऑस्कर 2025 के लिए भारत की तरफ से ऑफिशियल एंट्री मिली है।
फिल्म (Laapataa Ladies) बीते मार्च में रिलीज हुई थी। रिलीज होने के साथ ही फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया था। दर्शकों के साथ-साथ क्रिटिक्स ने भी इस फिल्म की तारीफ की थी। फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया ने ऑस्कर के लिए 29 फिल्मों की लिस्ट बनाई थी।
इन फिल्मों में रणबीर कपूर की एनिमल, कार्तिक आर्यन की चंदू चैंपियन, प्रभास की कल्कि 2898 एडी, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता मलयालम फिल्म अट्टम, राजकुमार राव की श्रीकांत और विक्की कौशल की सैम बहादुर शामिल थीं।
किरण राव और आमिर खान द्वारा सह-निर्मित इस फिल्म ने अपनी अनूठी कहानी के चलते लोगों का ध्यान खींचा है। इस फिल्म के अधिकांश एक्टर्स नए हैं। नितांशी गोयल, प्रतिभा रांटा, स्पर्श श्रीवास्तव और रवि किशन ने इस फिल्म में एक्टिंग की हैं। लापता लेडीज (Laapataa Ladies) दो नवविवाहित दुल्हनों और उनकी यात्राओं पर आधारित फिल्म है।

करीब 5 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 25 करोड़ से ज्यादा की कमाई की है। यह फिल्म OTT प्लेटफ़ॉर्म (Netflix) पर भी उपलब्ध है।
किरण राव ने कहा- टीम की मेहनत का फल है
हाल ही में किरण राव ने इच्छा व्यक्त की थी कि 2025 अकादमी पुरस्कारों के लिए भारत की ओर से लापता लेडीज को भेजा जाए। किरण राव ने पीटीआई से कहा था कि अगर इस फिल्म को ऑस्कर के लिए चुना गया तो मेरा सपना पूरा हो जाएगा। राव ने आगे कहा, चयन की एक प्रक्रिया होती है और मुझे उम्मीद है कि लापता लेडीज सारे पैमाने पर खरा उतरेगी।
लापता लेडीज (Laapataa Ladies) के ऑस्कर के लिए शामिल होने पर किरण राव ने खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि यह मेरी टीम की मेहनत का फल है, जिनके डेडिकेशन और पैशन के कारण ये फिल्म बन पाई।
पीटीआई के साथ पहले के एक इंटरव्यू में किरण राव ने साझा किया था कि लापता लेडीज की कहानी उन्हें उनके पूर्व पति आमिर खान से मिली थी, जो एक स्टोरी लेखन प्रतियोगिता से लौटे थे, जिसे वह जज कर रहे थे। आमिर ने घर आकर मुझे एक लाइन की कहानी बताई कि कैसे ट्रेन में दो लड़कियों की अदला-बदली हो जाती है। इसके बाद से ही मेरी इच्छा थी इस फिल्म को बनाने की। मैं जानती था कि यह न सिर्फ एक बेहतरीन कहानी है बल्कि मेरे लिए एक बेहतरीन मौका भी है।
रवि किशन ने जताई खुशी
रवि किशन ने इंडिया टुडे डॉट इन को दिए इंटरव्यू में अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि लापता लेडीज असली भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली फिल्म है। उन्होंने कहा कि मुझे यकीन है कि ऑस्कर की फाइनल सेरेमनी में यह फिल्म जरूर जीतेगी।
रवि किशन ने आगे कहा ‘मैं बहुत उत्साहित और खुश हूं।’ मुझे अभी-अभी यह खबर मिली है और मुझे लगातार फोन आ रहे हैं। रवि किशन ने किरण राव और आमिर खान का भी आभार व्यक्त किया।


