पटना में सुप्रीम कोर्ट के जज के घर में ही चोरी हो गई. जिस घर में वारदात को अंजाम दिया गया है, वह जज अहसानुद्दीन अमानुल्लाह का निजी आवास है. हालांकि जज और उनका परिवार दिल्ली में रहते हैं.
पटना में सुप्रीम कोर्ट के जज के घर में ही चोरी हो गई. जिस घर में वारदात को अंजाम दिया गया है, वह जज अहसानुद्दीन अमानुल्लाह का निजी आवास है. हालांकि जज और उनका परिवार दिल्ली में रहते हैं. इस हैरान कर देने वाली वारदात को पटना के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र में सोमवार 26 अगस्त की देर रात को चोरों ने अंजाम दिया. वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. इसकी पुष्टि करते हुए DSP दिनेश कुमार पांडे ने बताया कि ‘पाटलिपुत्र कॉलोनी में मकान संख्या 133 में यह वारदात हुई है. प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है’ पुलिस के मुताबिक घर में किसी सदस्य के नहीं रहने की वजह से चोरी हुए सामान का आंकलन नहीं हो पाया है.
घर गया था गार्ड, इधर चोरों ने कर दिया हाथ साफ
इस आवास की देखरेख के लिए जज ने एक गार्ड मो. मुस्तकीम को तैनात कर रखा था. लेकिन चोरी के वक्त वह अपने घर था. जिसके बाद मौका देखकर चोरों ने घर में सामान साफ कर लिया. इस मामले की जानकारी तब मिली जब अगली सुबह केयर टेकर पहुंची.
नीट मामले की सुनवाई कर रहे हैं जज
बता दें कि जस्टिस अहसानुद्दीन अमानुल्लाह बड़े-बड़े केस की सुनवाई कर चुके है. हाल ही में हुए नीट पेपर लीक प्रकरण की सुनवाई भी उन्होंने ही की थी. पेपर लीक मामले में 4 दिन पहले हजारीबाग में सबूतों से छेड़छाड़ की कोशिश भी हो चुकी है. जिसके बाद CBI ने कटकमदाग के गेस्ट हाउस को सील किया था. जहां जांच के दौरान तीन दिनों से लोगों की आवाजाही के सबूत मिले थे. जानकारी मिलने के बाद दिल्ली और पटना से CBI की टीम हजारीबाग पहुंची और जांच की.
बड़े भाई रह चुके हैं गृह सचिव
अहसानुद्दीन अमानुल्लाह का परिवार अफसरशाही और राजनीति में खासा रसूख रखता है. उनकी पत्नी परवीन अमानुल्लाह बिहार सरकार में मंत्री थी, जो इस दुनिया में नहीं हैं. जबकि बड़े भाई अफजल अमानुल्लाह बिहार के गृह सचिव रह चुके हैं. वह फिलहाल दिल्ली में ही रहते हैं.


