प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (PM Internship Scheme) का पायलट प्रोजेक्ट लॉन्च हो चुका है। इस स्कीम के जरिए 1 करोड़ युवाओं को इंटर्नशिप दी जाएगी।
इस स्कीम के तहत युवाओं को हर महीने 5 हजार रुपए मिलेंगे। इसके साथ ही उन्हें बड़ी-बड़ी कंपनियों के साथ काम करने का मौका भी मिलेगा।
इस साल के बजट में केंद्र सरकार ने पीएम इंटर्नशिप स्कीम का ऐलान किया था। इस प्रोजेक्ट के पहले फेज में 1 लाख 25 हजार युवाओं को नामी कंपनियों के साथ काम करने का मौका मिलेगा।
इंटर्नशिप स्कीम (PM Internship Scheme) के पोर्टल पर 3 से 10 अक्टूबर के बीच कपनियाँ खुद को रजिस्टर करा सकेंगी और अपने यहाँ उपलब्ध इंटर्नशिप मौकों की जानकारी देंगी।
विजयादशमी यानी 12 अक्टूबर से पोर्टल उम्मीदवारों के लिए खुल जाएगा। इच्छुक उम्मीदवार 25 अक्टूबर तक रजिस्टर करवा सकेंगे।
इन युवाओं को पहले होगा फायदा
पहले बैच में महाराष्ट्र, उत्तराखंड, तेलंगाना और गुजरात के युवाओं को मौका मिलने जा रहा है। इंटर्नशिप के दौरान युवाओं को 5 हजार रुपये का स्टाइपेंड मिलेगा। साथ ही ये काम करने और सीखने का सुनहरा मौका भी होगा।
इंटर्नशिप स्कीम (PM Internship Scheme) के लॉन्च के साथ एग्रीकल्चर, ऑटोमोबाइल और फार्मा सेक्टर की कंपनियों ने 1 हजार 77 यूथ को इंटर्नशिप के ऑफर दे दिए हैं। अब अगर सेलेक्ट किए गए लोग इंटर्नशिप पीरियड में अच्छा परफॉर्म करते हैं तो उनकी नौकरी पक्की भी हो सकती है।
उम्मीदवारों को जो इंटर्नशिप का पैसा मिलेगा उसमें 4500 रुपये केंद्र सरकार (DBT के माध्यम से) देगी और 500 रुपये कंपनियां (अपने CSR फंड से) देंगी। इसके अलावा उम्मीदवारों को 6 हजार रुपये सरकार की तरफ से एकमुश्त मिलेगा।
इंटर्नशिप स्कीम (PM Internship Scheme) को लेकर काम देने वाली कंपनियां उत्साहित नजर आ रही हैं। कुछ कंपनियों ने लंच और ट्रांसपोर्ट देने को भी कहा है।
क्या है योग्यता?
इंटर्नशिप के लिए 21 से 24 वर्ष की आयु वाले युवा ही योग्य होंगे। वो उम्मीदवार योग्य होंगे जो 10वीं, 12वीं पास हैं या आईटीआई या पॉलीटेक्निक से सर्टिफिकेट या डिप्लोमा लिया है।
बीए, बीएससी, बीकॉम, बीसीए, बीबीए, बी फार्मा जैसी डिग्री वाले युवा भी योजना का लाभ ले सकते हैं।
पीएम इंटर्नशिप स्कीम का लाभ आईआईटी, आईआईएम, नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, एनआईडी, ट्रिपलआईटी से ग्रेजुएट, CA, CS, CMA, एमबीबीएस, बीडीएस, एमबीए जैसी डिग्री वाले युवाओं को नहीं मिलेगा। साथ ही उन लोगों को मौका नहीं मिलेगा जिनके परिवार की आमदनी 8 लाख रुपये से ज्यादा होगी या परिवार का कोई सदस्य सरकारी नौकरी में होगा।
पीएम इंटर्नशिप स्कीम (PM Internship Scheme) के पायलट प्रोजेक्ट के पहले दिन 111 कंपनियां ऑनबोर्ड हुई हैं। इंटर्नशिप प्रोग्राम के लिए वर्चुअली ट्रेनिंग दी जा रही है। साथ ही सहायता के लिए एक कॉल सेंटर भी खोला गया है, जो हिंदी, अंग्रेजी सहित 10 भारतीय भाषाओं में पूछताछ के लिए उपलब्ध है।
इंटर्नशिप सेलेक्शन प्रोसेस में एससी, एसटी, ओबीसी और दिव्यांग कोटा भी लागू होगा। उम्मीदवारों को चुने जाते समय इस बात का खास ख्याल रखा जाएगा कि उन्हें अपने जिले या उसके पास-पड़ोस में ही इंटर्नशिप का मौका दिया जाए।


