प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पीएम किसान सम्मान (PM Kisan Samman) निधि की 18वीं किस्त जारी कर दी है। इस तरह देश के साढ़े 9 करोड़ किसानों के खातों में आज 20 हजार करोड़ रुपए से अधिक ट्रांसफर किए गए।
पीएम मोदी ने महाराष्ट्र के वाशिम में एक कार्यक्रम में कृषि और पशुपालन क्षेत्र के लिए कई योजनाएं भी शुरू करने का ऐलान किया। इस मौके पर पीएम ने कहा कि नमो शेतकरी महासम्मान निधि योजना के तहत महाराष्ट्र के 90 लाख से ज्यादा किसानों को करीब 1900 करोड़ रुपए दिए गए हैं।
पीएम मोदी ने कहा- “नवरात्रि के पवित्र समय में मुझे अभी पीएम किसान सम्मान निधि (PM Kisan Samman) की 18वीं किस्त जारी करने का अवसर मिला है। देश के साढ़े 9 करोड़ किसानों के खातों में आज 20 हजार करोड़ रुपए से अधिक ट्रांसफर किए गए हैं। महाराष्ट्र की डबल इंजन की सरकार तो यहां महाराष्ट्र के किसानों को डबल फायदा पहुंचा रही है। नमो शेतकरी महासम्मान निधि योजना के तहत महाराष्ट्र के 90 लाख से ज्यादा किसानों को करीब 19 सौ करोड़ रुपए दिए गए हैं।”
इसके बाद पीएम ने वाशिम में बंजारा विरासत संग्रहालय का उद्घाटन किया। यह संग्रहालय बंजारा समुदाय की समृद्ध विरासत का जश्न मनाने और उसे संरक्षित करने के लिए समर्पित है, जिसमें उनकी विशिष्ट परंपराओं, कला और सांस्कृतिक विरासत को उजागर करने वाली प्रदर्शनी शामिल है।
पीएम मोदी ने कहा- “नवरात्रि के पवित्र समय में मुझे अभी पीएम किसान सम्मान निधि की 18वीं किस्त जारी करने का अवसर मिला है। देश के साढ़े 9 करोड़ किसानों के खातों में आज 20 हजार करोड़ रुपए से अधिक ट्रांसफर किए गए हैं। महाराष्ट्र की डबल इंजन की सरकार तो यहां महाराष्ट्र के किसानों को डबल फायदा पहुंचा रही है। नमो शेतकरी महासम्मान निधि योजना के तहत महाराष्ट्र के 90 लाख से ज्यादा किसानों को करीब 19 सौ करोड़ रुपए दिए गए हैं।”
पीएम ने इस मौके पर कहा, “मैं आप सभी को बंजारा विरासत म्यूजियम की बधाई देता हूं। जिसको किसी ने नहीं पूछा, उसको मोदी पूजता है। हमारे बंजारा समाज ने भारत के सामाजिक जीवन में, भारत की निर्माण यात्रा में बहुत बड़ी भूमिका निभाई है। हमारे बंजारा समाज ने ऐसे कितने ही संत दिए, जिन्होंने भारत की आध्यात्मिक चेतना को असीम ऊर्जा दी। पीढ़ी दर पीढ़ी, सैकड़ों-हजारों वर्षों से ये समुदाय भारत की संस्कृति और परम्पराओं को सहेजता और संवारता आया है।”
मोदी ने आगे कहा, “कांग्रेस की सोच शुरू से ही विदेशी रही है। अंग्रेजी हुकूमत की तरह ही ये कांग्रेसी परिवार भी दलित, पिछड़ा और आदिवासियों को अपने बराबर नहीं मानते। इन्हें लगता है कि भारत पर सिर्फ एक परिवार की ही हुकूमत रहनी चाहिए। इसलिए उनलोगों ने बंजारा समाज के प्रति हमेशा अपमानजनक रवैया बनाए रखा। एनडीए की केन्द्र सरकार ने ही घुमंतू और अर्ध घुमंतू समुदाय के लिए कल्याण बोर्ड का गठन भी किया। इस समाज की संस्कृति को सही पहचान मिले, इस दिशा में भी बीजेपी और एनडीए सरकारें लगातार काम कर रही है।”
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस पर अर्बन नक्सलियों का राज है। उन्हें लगता है कि अगर हम सब एक हो गए तो देश को बांटने का उनका एजेंडा फेल हो जाएगा। हर कोई देख सकता है कि कांग्रेस उन लोगों के साथ कितनी निकटता से खड़ी है जो भारत के लिए अच्छे इरादे नहीं रखते।
पीएम ने वाशिम में पोहरादेवी स्थित जगदम्बा माता मंदिर में दर्शन-पूजन कर देशवासियों के सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। उन्होंने संत सेवालाल महाराज और संत रामराव महाराज की समाधि पर श्रद्धांजलि भी अर्पित की।


