प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) दो दिवसीय सिंगापुर (Singapore) दौरे पर हैं। इस दौरान भारत और सिंगापुर के बीच सेमीकंडक्टर (Semiconductor), डिजिटल टेक्नोलॉजी (Digital Technology), स्वास्थ्य सहयोग और स्किल डेवलपमेंट (Skill Development) के क्षेत्र में कई बड़े समझौते हुए हैं। समझौते के मुताबिक दोनों देश सेमीकंडक्टर, कलस्टर डेवलपमेंट, सेमीकंडक्टर डिजाइनिंग और मैन्युफैक्चरिंग पर फोकस करेंगे।
प्रधानमंत्री Narendra Modi 2 दिन की यात्रा पर बुधवार को सिंगापुर पहुंचे। वे गुरुवार को सिंगापुर के संसद पहुंचे जहां पीएम लॉरेंस वॉन्ग (Lawrence Wong) ने उनका स्वागत किया। मोदी ने सिंगापुर के पीएम से कहा, “आपके प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद यह हमारी पहली मुलाकात है। सिंगापुर सिर्फ एक सहयोगी देश ही नहीं, हर विकासशील देश के लिए एक प्रेरणा है। हम भी भारत में कई सिंगापुर बनाना चाहते हैं। मुझे खुशी है कि हम इस दिशा में मिलकर कोशिश कर रहे हैं।”
संसद में दोनों नेताओं ने एक-दूसरे के देशों के मंत्रियों और प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों से मुलाकात की। दोनों देशों के अधिकारियों ने प्रधानमंत्री की मौजूदगी में कई समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। समझौते के तहत दोनों देश मिलकर डिजिटल तकनीक के क्षेत्र में सहयोग करेंगे।
इससे दोनों देशों के बीच डिजिटल तकनीक जैसे डीपीआई, साइबर सिक्योरिटी, 5जी, इमर्जिंग तकनीक जैसे सुपर कंप्यूटिंग, क्वांटम कंप्यूटिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में सहयोग करने पर सहमति बनी। इसके अलावा दोनों देशों के बीच श्रमिकों के कौशल को बढ़ाने और डिजिटल डोमेन में काम करने वाले लोगों के स्किल को बेहतर बनाने को लेकर भी समझौता हुआ है।
भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना तकनीक मंत्रालय ने सिंगापुर के साथ सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम मजबूत करने का भी समझौता किया है। इसके तहत देश में सेमीकंडक्टर क्लस्टर बनाए जाएंगे और सेमीकंडक्टर डिजाइन और प्रोडक्शन में लोगों को ट्रेनिंग दी जाएगी।
पीएम मोदी आज सिंगापुर के राष्ट्रपति थर्मन शनमुगरत्नम (Tharman Shanmugaratnam) से भी मिले। इसके अलावा वो वरिष्ठ मंत्रियों और अन्य लोगों के साथ भी बैठक करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी की ये यात्रा भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी पर जोर देने के लिहाज से बेहद खास है। इस दौरे के जरिए भारत और सिंगापुर के बीच आर्थिक और तकनीकी संबंधों को बढ़ावा देने की कोशिश की जा रही है। साथ दोनों के बीच इंडो-पेसिफिक क्षेत्र में आपसी सहयोग को बढ़ावा देना भी इस दौरे का अहम मकसद है।
इससे पहले बुधवार को सिंगापुर पहुंचे PM Narendra Modi का भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान PM मोदी ने ढोल भी बजाया। मोदी के स्वागत में पहुंचे कलाकार ढोल की धुन पर नृत्य करते नजर आए। लोगों ने PM मोदी को भगवा रंग का गमछा भेंट किया।
उन्होंने ‘रामचंद्र की जय’ और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे लगाए। इस दौरान एक महिला ने उन्हें राखी भी बांधी। सिंगापुर यात्रा के दौरान मोदी राष्ट्रपति थर्मन शनमुगरत्नम समेत कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे। PM मोदी सिंगापुर के कारोबारी समुदाय के नेताओं से भी मिलेंगे।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी 6 साल बाद सिंगापुर के दौर पर गए हैं। इससे पहले उन्होंने नवंबर 2018 में सिंगापुर का दौरा किया था।


