कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi Vadra) वायनाड लोकसभा सीट से उपचुनाव लड़ रही है।
उपचुनाव से पहले प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने वायनाड की जनता के नाम पत्र लिखा है। प्रियंका गांधी ने यह पत्र सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया है। प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने पत्र में लिखा, “वायनाड के मेरे प्यारे बहनों और भाइयों। मैं अपने भाई राहुल गांधी के साथ कुछ महीने पहले चूरलमाला और मुंडक्कई गई थी। मैंने वहां भूस्खलन से हुई तबाही और नुकसान को बहुत करीब से देखा था।”
प्रियंका ने लिखा- “अपनी यात्रा के दौरान मैं उन बच्चों से मिली, जिन्होंने अपने सभी प्रियजनों को इस तबाही में खो दिया था। माताएं अपने बच्चों और परिवारों के लिए दुखी थी, उनका पूरा जीवन प्रकृति के प्रकोप में बह गया था। इस त्रासदी के बीच मुझे आपकी असीम साहस और धैर्य दिखाई दिया था।”
त्रासदी में वायनाड की जनता ने एक दूसरे का सहयोग किया
Priyanka Gandhi ने आगे लिखा कि आप ताकत के साथ एकजुट हुए, जो मैंने पहले कभी नहीं देखी थी। डॉक्टरों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, नर्सों, गृहणियों हर किसी ने एक-दूसरे की मदद की। किसी ने भी दूसरे व्यक्ति पर दोष नहीं डाला ना ही गुस्सा दिखाया। कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि आप लोगों ने त्रासदी में असहाय होने के बावजूद भी आप एक दूसरे का सहयोग कर रहे थे और सांत्वना दे रहे थे।
वायनाड का प्रितिनिधित्व करना सम्मान की बात
वायनाड से लौटते समय मुझे लगा कि भारत की संसद में आपका प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए सम्मान की बात होगी। आपसे सीखना, आपके जीवन और आपके सामने आने वाली चुनौतियों को समझना और इस साहसी समुदाय का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात होगी।
Priyanka Gandhi ने पत्र में वायनाड की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि आपने मेरे भाई को अपना प्यार दिया है। जब उन्होंने मुझे वायनाड के लिए कांग्रेस उम्मीदवार बनने के लिए कहा तो उनके दिल में दुख और गर्व दोनों का एहसास था। मैंने अपने भाई से वादा किया कि वायनाड का सही से प्रतिनिधित्व करने के लिए हर संभव प्रयास करूंगी। Priyanka Gandhi आगे लिखा कि अगर आप मुझे अपना सांसद बनाने का विकल्प चुनते हैं तो मैं आपकी आभारी रहूंगी।
वायनाड में 13 नवंबर को होगा चुनाव
आपको बता दें कि साल 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी दो सीटों से चुनाव लड़े थे। राहुल गांधी रायबरेली और वायनाड दोनों जगह से चुनाव जीते थे। लोकसभा चुनाव के बाद उन्होंने वायनाड सीट को छोड़ने का निर्णय लिया था। राहुल गांधी के सीट छोड़ने के बाद वायनाड लोकसभा सीट पर उपचुनाव होने वाला है। वायनाड में 13 नवंबर को वोटिंग होगी और 23 नवंबर को मतगणना होगी।


