बिहार के नवादा (Nawada) में महादलित टोला पर दबंगों का आतंक देखने को मिला। बुधवार रात को दंबगों नें फायरिंग करते हुए 80 घरों को आग के हवाले कर दिया। जिसके बाद बड़ी संख्या में पुलिस दल मौके पर पहुंचा और हालात को काबू किया गया।
घटना मुफस्सिल थाना इलाके में देदौर गांव में नदी किनारे बसे कृष्णा नगर टोले की है। घटना पर बयान देते हुए, कांग्रेस नेता Rahul Gandhi ने पीएम मोदी की चुप्पी पर सवाल खड़ा किया है। वहीं, Tejashwi Yadav ने कहा है कि NDA को बिहार की नहीं बल्कि अपराधियों की चिंता है।
बिहार (Bihar) के नवादा (Nawada) में महादलित बस्ती के घरों को आग पर आग लगाने वाले 28 दबंगों पर FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने एक्शन लेते हुए 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, बाकी के आरोपियों की तलाश में पुलिस कई जगह दबिश दे रही है। आरोपियों ने मौके पर फायरिंग भी की थी। पुलिस के मुताबिक इस घटना के पीछे की वजह जमीनी विवाद है।
इस मामले पर राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने प्रधानमंत्री मोदी से सवाल किया है, उन्हें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा, ‘नवादा में महादलितों का पूरा टोला जला देना, 80 से ज़्यादा परिवारों के घरों को नष्ट कर देना बिहार में बहुजनों के विरुद्ध अन्याय की डरावनी तस्वीर उजागर कर रहा है।’ राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने आगे लिखा, ‘अपना घर-संपत्ति खो चुके इन दलित परिवारों की चीत्कार और भयंकर गोलीबारी की गूंज से वंचित समाज में मचा आतंक भी बिहार की सोई हुई सरकार को जगाने में कामयाब नहीं हो पाए। भाजपा और NDA के सहयोगी दलों के नेतृत्व में ऐसे अराजक तत्व शरण पाते हैं – भारत के बहुजनों को डराते हैं, दबाते हैं, ताकि वो अपने सामाजिक और संवैधानिक अधिकार भी न मांग पाएं। और, प्रधानमंत्री का मौन इस बड़े षड़यंत्र पर स्वीकृति की मोहर है। बिहार सरकार और राज्य पुलिस को इस शर्मनाक अपराध के सभी दोषियों के खिलाफ त्वरित और सख्त कार्रवाई कर, और पीड़ित परिवारों का पुनर्वास करा कर उन्हें पूर्ण न्याय दिलाना चाहिए।’
तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री मोदी के लिए ‘X’ पर लिखा, ‘आदरणीय प्रधानमंत्री मोदी जी, बिहार में आपकी डबल इंजन पॉवर्ड सरकार में दलितों के घर जला दिए गए है। यह भारत देश की ही घटना है। कृपया इस मंगलराज पर दो शब्द तो कह दिजीए कि यह सब प्रभु की मर्जी से हो रहा है इसपर NDA के बड़बोले शक्तिशाली नेताओं का कोई वश नहीं है।’ तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को घेरते हुए लिखा, ‘यह भी बता दिजीए कि बिहार में तीसरे नंबर की पार्टी के मुख्यमंत्री ने महीनों से बोलना बंद कर रखा है। वो ना मीडिया से बात करते है और ना ही पब्लिक से? वो जो भी बोलते है वो अधिकारियों का ही लिखा हुआ बोलते है क्योंकि जब वह स्वयं का बोलते है तो कहीं से कहीं और कुछ से कुछ बोलने लग जाते है शायद इसलिए ही यह पाबंदी लगायी गयी है। NDA को बिहार की नहीं बल्कि अपराधियों की चिंता है।’


