Rahul Gandhi: साल के अंत में महाराष्ट्र में विधानसभा का चुनाव होने वाला है। सभी पार्टियां चुनाव जीतने के प्रयास में लगी हुई हैं।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने सोमवार को महाराष्ट्र के कोल्हापुर में एक दलित परिवार से मुलाकात की। राहुल गांधी अजय तुकाराम सनदे और अंजना तुकाराम सनदे के घर गए और उनके यहाँ खाना पकाया। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर इसका वीडियो भी शेयर किया है।
आपको बता दें कि यह दंपत्ति दलित समुदाय से आते हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि राहुल गांधी उनके साथ पारंपरिक व्यंजन बना रहे हैं। साथ ही वे दलित खान-पान के बारे में बातचीत करते हुए दिखते हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि दलित किचन के बारे में आज भी बहुत कम लोग जानते हैं।
उन्होंने आगे लिखा कि शाहू पटोले जी ने कहा, “दलित क्या खाते हैं, कोई नहीं जानता।” वो क्या खाते हैं, कैसे पकाते हैं, और इसका सामाजिक और राजनीतिक महत्व क्या है, इस जिज्ञासा के साथ, मैंने अजय तुकाराम सनदे जी और अंजना तुकाराम सनदे जी के साथ एक दोपहर बिताई।
राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने पोस्ट में लिखा, “उन्होंने कोल्हापुर, महाराष्ट्र में मुझे अपने घर सम्मान के साथ बुलाकर रसोई में हाथ बंटाने का मौका दिया। हमने मिलकर चने के साग की सब्जी ‘हरभऱ्याची भाजी’ और बैंगन के साथ तुवर दाल बनाई। पटोले जी और सनदे परिवार के जाति और भेदभाव के निजी अनुभवों पर बात करते हुए, हमने दलित खानपान के प्रति जागरूकता की कमी और इस संस्कृति के documentation के महत्व पर चर्चा की।
राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने दलित संस्कृति के संरक्षण और जातिगत भेदभाव के मुद्दों से निपटने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा, संविधान बहुजन को भागीदारी और अधिकार देता है, और हम उस संविधान की रक्षा करेंगे। लेकिन सच्चा समावेश और समानता तब ही संभव है जब हर भारतीय अपने दिल में भाईचारे का भाव रखे।
राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो भी शेयर किया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि खाना बनाते वक्त राहुल गांधी कहते हैं कि वे ज्यादा मिर्ची नहीं खाते है। इस दौरान वे कहते दिख रहे हैं, कितनी मिर्ची डाल दी…


