समाजवादी पार्टी सांसद राम गोपाल यादव (Ram Gopal Yadav) के एक बयान को लेकर हंगामा खड़ा हो गया है। कहा जा रहा है कि राम गोपाल यादव ने कैमरे पर चीफ जस्टिस चंद्रचूड़ को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो क्लिप के मुताबिक सपा सांसद (Ram Gopal Yadav) ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान ऐसी टिप्पणी की है।
अयोध्या मामले के संदर्भ में CJI D Y Chandrachud की ‘ईश्वर से प्रार्थना’ वाली टिप्पणी पर प्रतिक्रिया पूछे जाने पर राम गोपाल यादव (Ram Gopal Yadav) ने आपत्तिजनक टिप्पणी की है।
राम गोपाल यादव ने संवाददाताओं से कहा, “मैं कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता। जब आप भूतों को जिंदा करते हैं, जब आप मुर्दों को जिंदा करते हैं, तो वे भूत बन जाते हैं और न्याय का पालन करना शुरू कर देते हैं। अब वे कहां हैं?… भूल जाइए, ऐसे सभी **** लोग ऐसी बातें कहते रहते हैं। क्या मुझे उन पर ध्यान देना चाहिए?”
हालांकि, आलोचनाओं का सामना करने के बाद यादव (Ram Gopal Yadav) ने अपने बयान से पलटते हुए दावा किया कि उनसे किसी ने भी मुख्य न्यायाधीश के बारे में कुछ नहीं कहा है। उन्होंने कहा, “मुझसे CJI से जुड़ा किसी ने कोई सवाल ही नहीं पूछा, हमसे सिर्फ बहराइच के बारे में पूछा गया है।”
इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें अपने चाचा की आपत्तिजनक टिप्पणी के बारे में जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा, “हम सभी सीजेआई का सम्मान करते हैं।”
CJI ने क्या कहा था?
बीते रविवार को चीफ जस्टिस ने कहा था कि उन्होंने फैसला सुनाने से पहले राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद विवाद के समाधान के लिए प्रार्थना की थी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ईश्वर उन लोगों के लिए रास्ता खोज लेंगे, जिनमें आस्था है।
अयोध्या मामले पर विचार-विमर्श के दौरान बिताए अपने समय को याद करते हुए मुख्य न्यायाधीश चंद्रचूड़ ने कहा, “अक्सर हमारे पास मामले (निर्णय के लिए) होते हैं, लेकिन हम समाधान पर नहीं पहुंच पाते हैं। अयोध्या (राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद विवाद) के दौरान भी कुछ ऐसा ही हुआ था, जो तीन महीने तक मेरे सामने था।”
उन्होंने कहा, “मैं भगवान के सामने बैठा और उनसे कहा कि उन्हें समाधान खोजने की जरूरत है। मेरा विश्वास करें, अगर आपमें आस्था है, तो भगवान हमेशा कोई रास्ता निकाल लेंगे।”


