भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला मुंबई के वानखेडे स्टेडियम में शुक्रवार को शुरू हुआ। इस मैच के पहले दिन रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) ने कमाल की गेंदबाजी की।
रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) ने पहली पारी में 65 रन देकर 5 खिलाड़ियों को आउट किया। इस तरह जडेजा ने टेस्ट क्रिकेट में 14वीं बार पांच विकेट चटकाए।
अब जडेजा (Ravindra Jadeja) जहीर खान और ईशांत शर्मा को पीछे छोड़कर टेस्ट में भारत के लिए सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं।
जडेजा टेस्ट क्रिकेट में अब तक 314 विकेट ले चुके हैं और सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले क्रिकेटरों की लिस्ट में हरभजन सिंह (417 विकेट) से पीछे हैं।
वाशिंगटन सुंदर ने कीवी टीम के खिलाफ आक्रमण में जडेजा का बखूबी साथ दिया। इस मैच में भी वाशिंगटन सुंदर का शानदार प्रदर्शन जारी रहा और उन्होंने 81 रन देकर विरोधी टीम के चार खिलाड़ियों को पवेलियन का रास्ता दिखाया।
इस तरह जडेजा और सुंदर की स्पिन जोड़ी ने मिलकर नौ विकेट चटकाए और चाय के तुरंत बाद न्यूजीलैंड को 235 रन पर आउट कर दिया।
लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने 20 मिनट के अंदर ही अपनी लय खो दी और पहले दिन का खेल खत्म होने तक टीम का स्कोर 86/4 हो गया।
मेहमान टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
बेंगलुरु में आठ विकेट से और पुणे में 113 रनों से हारने वाली भारतीय टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए बेताब है, लेकिन मुकाबला उसके हाथ से फिसलता हुआ दिख रहा है।


