हरियाणा के सिरसा से सांसद और कांग्रेस नेता कुमारी शैलजा (Selja) ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने हरियाणा के पूर्व सीएम मनोहर लाल के बीजेपी में शामिल होने के न्योते पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
कुमारी शैलजा ने एक मीडिया चैनल से बात करते हुए कहा, “मेरी रगों में कांग्रेस का खून है। जैसे मेरे पिता कांग्रेस के तिरंगे में लिपटकर गए थे, शैलजा भी वैसे जाएगी। कांग्रेस पार्टी से कोई नाराजगी नहीं है।”
शैलजा (Selja) ने कहा कि कुछ बातें अंदरूनी होती हैं। इस बार हरियाणा में आने वाले समय में कांग्रेस अपनी सरकार बनने जा रही है, जिसके लिए वो 2-3 दिनों में चुनाव प्रचार के लिए निकलेंगी।
आपको बता दें कि पिछले कुछ दिनों से कुमारी शैलजा को लेकर कहा जा रहा था कि उन्होंने हरियाणा चुनाव प्रचार से दूरी बना ली है। इसके बाद केंद्रीय मंत्री और हरियाणा के पूर्व सीएम मनोहर लाल का एक बयान सामने आया था, जिसमें उन्होंने कुमारी शैलजा को बीजेपी में शामिल होने का ऑफर दिया था।
मनोहर लाल ने शैलजा (Selja) के बारे में कहा था कि कांग्रेस में उनका अपमान हुआ है। अगर वो बीजेपी में शामिल होती हैं तो उनको पूरा सम्मान दिया जाएगा।
पूर्व सीएम मनोहर लाल के भाजपा में शामिल होने वाले बयान पर पलटवार करते हुए कुमारी शैलजा कहा कि वो अपनी पार्टी की चिंता करें, अपनी पार्टी के नाराज नेताओं को मनाएं।
भाजपा पर हमला करते हुए शैलजा (Selja) ने कहा कि चुनाव के समय इनको दलित याद आते हैं।
कांग्रेस नेता कुमारी शैलजा ने न्यूज एजेंसी PTI से बात करते हुए पार्टी नेतृत्व से नाराज़गी की खबरों पर कहा, “पार्टी में 100 तरह की बातें होती है, लेकिन वे पार्टी के अंदर ही हैं। पार्टी को जिताने के लिए हमने लोकसभा चुनाव के दौरान कड़ी मेहनत की, ताकि पार्टी को ज़मीन पर मज़बूत किया जा सके और हरियाणा के लोगों के लिए लड़ा जा सके। हम कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए उस काम को आगे बढ़ाएंगे।”


