बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी के बेटे अहान शेट्टी आधिकारिक तौर पर फिल्म बॉर्डर 2 (Border 2) का हिस्सा बन गए हैं।
सनी देओल ने इंस्टाग्राम पर एक टीजर वीडियो के जरिए दर्शकों को बताया की अहान शेट्टी भी बॉर्डर फिल्म में एक्टिंग कर रहे हैं। उनके इस घोषणा के साथ ही सुनील और अहान शेट्टी के प्रशंसक और फैंस उत्साह से झूमने लगे।
‘बॉर्डर’ को न केवल एक शानदार युद्ध आधारित फिल्म माना जाता है। बल्कि यह भारतीय सिनेमा की उन फिल्मों में से एक है जो देशभक्ति के भावनाओं को जागृत करती है। इस फिल्म की सफलता के बाद, जेपी दत्ता ने इसके सीक्वल ‘बॉर्डर 2’ की घोषणा की है।
सनी देओल ने इंस्टाग्राम पर कैप्शन के साथ लिखा कि “फौजी @ahan.shetty का #बॉर्डर 2 (Border 2) की बटालियन में स्वागत है।”
बता दें कि बॉर्डर 2 (Border 2) के कलाकारों में सनी देओल के साथ वरुण धवन और दिलजीत दोसांझ भी शामिल हैं। बॉर्डर 2 (Border 2) फिल्म 23 जनवरी, 2026 को रिलीज होने वाली है। यह फिल्म बॉलीवुड के युद्ध आधारित फिल्मों में एक महत्वपूर्ण और सफलतम फिल्म होने का वादा करती है।
बॉर्डर 2 (Border 2) फिल्म का निर्देशन अनुराग सिंह द्वारा किया जाएगा। अनुराग ने इससे पहले केसरी, पंजाब 1984, जट्ट एंड जूलिएट और दिल बोले हड़िप्पा! सहित अन्य फिल्में बनाई हैं। बॉर्डर के 27 साल पूरे होने पर 13 जून 2024 को फिल्म की घोषणा की गई थी। इसे निर्माताओं द्वारा “भारत की सबसे बड़ी युद्ध फिल्म” घोषित किया गया है।
बॉर्डर फिल्म की क्या थी कहानी
आपको बता दें कि बॉर्डर फिल्म को साल 1997 में रिलीज किया गया था। यह फिल्म भारतीय सिनेमा के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित हुई थी। इस फिल्म का निर्देशन जेपी दत्ता ने किया था। बॉर्डर फिल्म भारतीय सेना की वीरता और बलिदान को दर्शाती है, विशेष रूप से साल 1971 में हुए भारत-पाकिस्तान युद्ध के संदर्भ में इसे शूट किया गया था। बॉर्डर ने न केवल दर्शकों का दिल जीता था, बल्कि इसे आलोचकों की भी सराहना मिली थी।

बॉर्डर फिल्म में सनी देओल, अक्षय खन्ना, सुनील शेट्टी और जैकी श्रॉफ समेत कई प्रमुख अभिनेताओं ने काम किया था। बता दें कि ‘बॉर्डर’ की कहानी एक सैन्य बैटालियन के इर्द-गिर्द घूमती है, जो दुश्मनों से अपने देश की रक्षा करती है।
फिल्म की पटकथा में युद्ध के दौरान सैनिकों की बहादुरी, देशप्रेम और व्यक्तिगत संघर्षों को बखूबी रूप से दर्शाया गया था। इसके साथ ही फिल्म में शानदार गाने और शक्तिशाली संवाद भी थे। फिल्म के गानों को दर्शक आज तक गुनगुनाते हैं।


