संजू सैमसन और Tilak Varma के नाबाद शतकों के बाद तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के शानदार तीन विकेटों के दम पर भारत ने रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन करते हुए मेजबान दक्षिण अफ्रीका को 135 रन से हरा दिया।
इसके साथ ही भारत ने चार मैचों की सीरीज भी 3-1 से अपने नाम कर ली। इस साल खेले गए 26 टी20 मैचों में भारत ने 24 में जीत हासिल की है। द वांडरर्स स्टेडियम में शुक्रवार रात खेले गए मुकाबले में अर्शदीप सिंह ने 20 रन देकर तीन विकेट लिए और दक्षिण अफ्रीका के शीर्ष क्रम को तहस-नहस कर दिया।
इससे पहले सैमसन के 56 गेंदों में नाबाद 109 रन और Tilak Varma के महज 47 गेंदों में नाबाद 120 रन के दम पर भारत ने 20 ओवरों में 283/1 रन का विशाल स्कोर बनाया था। तिलक वर्मा लगातार दो टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों में शतक जमाने वाले दूसरे भारतीय बने।
संजू और तिलक ने बनाए रिकॉर्ड
सैमसन और Tilak Varma ने लगातार दो शतक लगाकर रिकॉर्ड बुक में जगह बनाई। सैमसन टी-20 में तीन शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने।
कप्तान सूर्य कुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। ओपनर संजू सैमसन और तिलक वर्मा की 210 रनों की अविजित साझेदारी के दम पर भारत ने 283/1 का पहाड़ सा स्कोर खड़ा कर दिया जो वांडरर्स स्टेडियम में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।
यह किसी भी टीम के खिलाफ टी20 में भारत का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। वहीं, यह भारत की तरफ से टी-20 इंटरनेशनल में सबसे बड़ी पार्टनरशिप भी है।
संजू सैमसन (109 नाबाद) ने अभिषेक शर्मा (36) के साथ पहले विकेट के लिए 5.5 ओवर में 73 रन जोड़े। लुथो सिपाम्ला की गेंद पर विकेटकीपर हेनरिक क्लासेन ने उन्हें कैच किया। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों को कोई सफलता नहीं मिली। शर्मा ने 18 गेंदों की अपनी पारी में चार छक्के और दो चौके लगाए।
इसके बाद सैमसन ने Tilak Varma (120 नाबाद) के साथ मिलकर सभी दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। सैमसन ने 56 गेंद में 109 नाबाद रनों में नौ छक्के और छह चौके लगाए। वर्मा ने 47 गेंदों में 10 को हवाई रास्ते से और नौ को जमीन के सहारे बाउंड्री के बाहर भेजा।
भारत की तरफ से कुल 23 छक्के और 17 चौके लगे। इस प्रकार 206 रन तो सिर्फ बाउंड्री से बने। यह किसी भी टी20 मैच में भारत की तरफ से छक्कों की रिकॉर्ड है। इससे पहले इसी साल 12 अक्टूबर को हैदराबाद में भारत ने 297 रन का स्कोर बनाया था, जिसमें 22 छक्के और 25 चौके लगे थे।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 283 का स्कोर भारत का सबसे बड़ा और किसी भी टीम के खिलाफ दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। दक्षिण अफ्रीका ने सैमसन-वर्मा की जोड़ी को तोड़ने के लिए सात गेंदबाजों का इस्तेमाल किया, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। पावरप्ले के छह ओवरों में भारत ने 73/1 का स्कोर बनाया था। भारत के 100 रन 8.3 ओवर में और 200 रन 14.1 ओवर में बने।
तिलक वर्मा ने कहा, ‘ये एक अविश्वसनीय अहसास’
भारतीय युवा बल्लेबाज Tilak Varma ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने अंतिम दो मैचों में लगातार शतक जड़कर मेहमान टीम को 3-1 से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
सेंचुरियन में तीसरे टी20 में अपना पहला शतक लगाने के बाद, बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अपने पिछले प्रदर्शन को बेहतर किया और प्रोटियाज गेंदबाजों के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया।
Tilak Varma ने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में कहा, “मैं एक मजेदार बात बताना चाहता था, पिछले साल जब मैं यहां खेला था तो मैं पहली ही गेंद पर आउट हो गया था। यह पारी टीम और सीरीज के लिए बहुत महत्वपूर्ण थी। मैं बस अपनी योजनाओं पर फोकस और अपनी फॉर्म को बनाए रखना चाहता हूं। इसी तरह अपने बेसिक्स पर खेलना चाहता हूं जैसा कि मैंने पिछले गेम में किया था, मैं शांत था.. यह एक अविश्वसनीय अहसास है।”
Tilak Varma चार मैच में 280 रन बनाकर सीरीज में शीर्ष स्कोरर रहे। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब दिया गया।
जोहान्सबर्ग में भारत के लिए यह एक ऐतिहासिक रात थी, क्योंकि उन्होंने कई उपलब्धियां हासिल की। संजू सैमसन और Tilak Varma के बीच नाबाद 210 रन की साझेदारी टी20 में भारत के लिए किसी भी विकेट के लिए सबसे ज्यादा है।


