यूपी विधानसभा उपचुनाव (UP Bypolls) में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच समझौता हो गया है। राहुल गांधी ने अखिलेश यादव के लिए मैदान छोड़ दिया है।
दोनों नेताओं में समझौते के बाद यह तय हुआ कि यूपी उपचुनाव (UP Bypolls) में कांग्रेस अपने उमीदवार नहीं उतारेगी, बल्कि वह समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी को चुनाव लड़ाएगी।
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बीच बुधवार देर रात फोन पर हुई बातचीत के बाद अखिलेश यादव ने इसका ऐलान किया।
अखिलेश यादव ने बुधवार रात ट्वीट कर लिखा– “बात सीट की नहीं जीत की है’ इस रणनीति के तहत ‘इंडिया गठबंधन’ के संयुक्त प्रत्याशी सभी 9 सीटों पर समाजवादी पार्टी के चुनाव चिन्ह ‘साइकिल’ के निशान पर चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी एक बड़ी जीत के लिए एकजुट होकर, कंधे से कंधा मिलाकर साथ खड़ी है। इंडिया गठबंधन इस उपचुनाव में, जीत का एक नया अध्याय लिखने जा रहा है।”
सपा प्रमुख ने लिखा- “कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं के साथ आने से समाजवादी पार्टी की शक्ति कई गुना बढ़ गयी है। इस अभूतपूर्व सहयोग और समर्थन से सभी 9 विधानसभा सीटों पर ‘इंडिया गठबंधन’ का एक-एक कार्यकर्ता जीत का संकल्प लेकर नयी ऊर्जा से भर गया है।”
अखिलेश यादव ने आगे लिखा- “ये देश का संविधान, सौहार्द और PDA का मान-सम्मान बचाने का चुनाव है। इसीलिए हमारी सबसे अपील है : एक भी वोट न घटने पाए, एक भी वोट न बँटने पाए। देशहित में ‘इंडिया गठबंधन’ की सद्भाव भरी ये एकता और एकजुटता आज भी नया इतिहास लिखेगी और कल भी।”
गुरुवार सुबह सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने राहुल गांधी का हाथ थामे एक तस्वीर शेयर की। इसमें लिखा- हमने ये ठाना है ‘संविधान, आरक्षण, सौहार्द’ बचाना है ‘बापू-बाबासाहेब-लोहिया’ के सपनों का देश बनाना है।
इसके बाद उन तमाम कयासों पर विराम लग गया कि यूपी में विधानसभा उपचुनाव (UP Bypolls) के लिए सीट शेयरिंग को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच कोई मतभेद नहीं है।
बीजेपी ने यूपी (UP Bypolls) और राजस्थान के लिए उतारे उम्मीदवार
इस बीच, बीजेपी की केन्द्रीय चुनाव समिति ने राजस्थान और उत्तर प्रदेश विधानसभा उपचुनाव 2024 के लिए 8 उम्मीदवारों के नाम पर अपनी मंजूरी दे दी है।
बीजेपी ने यूपी उपचुनाव (UP Bypolls) के लिए 7 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है। पार्टी ने राजस्थान उपचुनाव के लिए भी एक उम्मीदवार के नाम का ऐलान किया।
बीजेपी ने उत्तर प्रदेश (UP Bypolls) की नौ विधानसभा सीटों में से सात के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की, जहां 13 नवंबर को उपचुनाव होंगे।
पार्टी ने कुंदरकी से रामवीर सिंह ठाकुर, गाजियाबाद से संजीव शर्मा, खैर (सुरक्षित सीट) से सुरेन्द्र दिलेर और करहल से अनुजेश यादव को मैदान में उतारा है।
फूलपुर सीट के लिए दीपक पटेल, कटेहरी के लिए धर्मराज निषाद और मझवां के लिए सुचिस्मिता मौर्य पार्टी की पसंद हैं।
बीजेपी ने राजस्थान की चौरासी विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए करीलाल ननोमा को अपना उम्मीदवार घोषित किया।
इसके साथ ही पार्टी ने 23 नवंबर को होने वाले उपचुनाव वाली सभी सात विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।
19 अक्टूबर को जारी की गई पिछली सूची में, दौसा से जगमोहन मीना, झुंझुनू से राजेंद्र भांभू, रामगढ़ से सुखवंत सिंह, देवली-उजियारा से राजेंद्र गुर्जर, खींवसर से रेवंत राम डांगा और सलूंबर से शांता देवी मीना को मैदान में उतारा गया था।


