उत्तर प्रदेश सरकार ने 17 आईपीएस (IPS) अफसरों का तबादला करने के आदेश जारी किये हैं। इन अफसरों में पुलिस महानिरीक्षक (IG), पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) से लेकर कई जिलों के पुलिस कप्तान शामिल हैं।
अपर पुलिस महानिदेशक (कार्मिक) की तरफ से मंगलवार को जारी आदेश के मुताबिक, कई आईपीएस (IPS) अफसरों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। सभी को निर्देश भी दिए गए हैं कि वह तत्काल अपनी नई पोस्टिंग की जगह पर पहुंचकर जॉइन करें।
अलीगढ़ रेंज में तैनात पुलिस महानिरीक्षक शलभ माथुर को लखनऊ स्थित पुलिस महानिदेशक मुख्यालय में पुलिस महानिरीक्षक (स्थापना) बनाया गया है। शलभ माथुर 2006 बैच के आईपीएस अफसर हैं।
2010 बैच के आईपीएस (IPS) अफसर प्रभाकर चौधरी को अलीगढ़ रेंज में बतौर DIG तैनात किया गया है। प्रभाकर चौधरी अभी पुलिस महानिदेशक मुख्यालय में पुलिस उपमहानिरीक्षक (स्थापना) के पद पर तैनात थे।

झांसी में तैनात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) राजेश एस. अब शाहजहांपुर के नए पुलिस कप्तान होंगे। गाजियाबाद स्थित पीएसी की 47वीं वाहिनी में तैनात सेनानायक सुधा सिंह को झांसी का SSP बनाया गया है। औरैया में पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात चारू निगम को गाजियाबाद स्थित पीएसी की 47वीं वाहिनी में सेनानायक के तौर पर भेजा गया है।
सोनभद्र के पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह को रायबरेली के पुलिस अधीक्षक (SP) के पद पर तैनाती दी गई है। शाहजहांपुर में पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीना को पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के पद पर तैनाती दी गई है। उन्नाव के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ शंकर मीना को पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज में पुलिस उपायुक्त के पद पर भेजा गया है।
महोबा में पुलिस अधीक्षक अपर्णा गुप्ता को पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ में पुलिस उपायुक्त बनाया गया है। पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज के पुलिस उपायुक्त दीपक भूकर को उन्नाव का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। रायबरेली के पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार अग्रवाल को आगरा पुलिस कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त बनाया गया है।
गोरखपुर में अपर पुलिस अधीक्षक नगर कृष्ण कुमार को संभल का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है, वहीं संभल के पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह गुनावत को पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज में पुलिस उपायुक्त बनाया गया है।

पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अभिजीत आर शंकर को औरैया का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। अलीगढ़ (ग्रामीण) के अपर पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल को महोबा का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
कुशीनगर के अपर पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी को गोरखपुर नगर में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात किया गया है। अलीगढ़ के सहायक पुलिस अधीक्षक अमृत जैन को अलीगढ़ (ग्रामीण) में प्रभारी अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनाती की गई है।


