केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) की हिंदू स्वाभिमान यात्रा गुरुवार को शुरू हो गई। गिरिराज सिंह बिहार के सीमांचल में हिंदू स्वाभिमान यात्रा निकाल रहे हैं।
गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) ने भागलपुर में हिंदू स्वाभिमान यात्रा की शुरुआत करते हुए इस यात्रा पर आपत्ति जताने वाले नेताओं पर जमकर हमला बोला।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, “जिन लोगों को भी मेरी बातों पर आपत्ति है, मेरा उनसे आग्रह है कि वे कटिहार, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज में 10 दिन तक आकर रहें, तब उन्हें पता चलेगा कि लव जिहाद क्या होता है।”
इतना ही नहीं गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) ने यह भी कहा कि पहले यह जिहाद केवल लड़कियों के साथ होता था लेकिन अब यह लड़कों के साथ भी हो रहा है।
गिरिराज सिंह ने कहा “बंटोगे तो कटोगे”
गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) ने कहा, “हम पहले ही थूक जिहाद और लैंड (जमीन) जिहाद को देख चुके हैं। अब बेगूसराय में शिक्षा जिहाद देखने को मिल रहा है। मेरी संस्कृति, धन, भूमि और धर्म यह सब खतरे में हैं। इसलिए आज मैं हिंदुओं से कह रहा हूं कि अपने धर्म की रक्षा करो, धर्म तुम्हारी रक्षा करेगा। सभी को एकजुट रहना चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा, “संगठित हिंदू ही सुरक्षित हिंदू हैं। बंटोगे तो कटोगे, इसलिए एक रहोगे तो नेक रहोगे।” केंद्रीय मंत्री ने बेगूसराय का उदहारण देते हुए कहा, “शिक्षक स्कूल में पढ़ा रहे थे कि हनुमान जी मुसलमान थे। अब क्या बचा?”
गिरिराज सिंह ने कहा, “जहां-जहां पर हमारी जनसंख्या घटी है, वहां पर हम नहीं बचे हैं। चाहे कश्मीर को देखें या बंगाल को देख लें। दुर्गा पूजा के विसर्जन पर हमें पूछना पड़ता है कि इस गली से क्यों गुजरें। अगर यह बात पूछनी ही है तो बहराइच जाएं।”
डॉ. भीमराव अंबेडकर मेरे प्रेरणास्रोत- गिरिराज सिंह
गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) ने यात्रा के दौरान डॉ भीमराव अंबेडकर का जिक्र करते हुए कहा, “बाबा साहेब ने जवाहरलाल नेहरू से कहा था कि सभी मुसलमानों को पाकिस्तान में भेज दें और सभी हिंदुओं को भारत में बुला लें। वरना सामाजिक समरसता समाप्त हो जाएगी। उनकी यह बात आज भी सच है और उनकी यही बात मेरी प्रेरणास्रोत भी है।”
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) ने कहा, “यह किसी सियासी पार्टी की यात्रा नहीं है। RJD के हिंदू लोग भी हमारे साथ इस यात्रा में जुड़े हुए हैं और कम्युनिस्ट पार्टी के लोग भी हमारे साथ में चल रहे हैं। इस यात्रा का मकसद हिंदुओं को एकजुट करना है।” आपको बता दें कि गिरिराज सिंह की हिंदू स्वाभिमान यात्रा कटिहार से पूर्णिया, अररिया होकर किशनगंज जाकर संपन्न होगी।


