भारत में विभिन्न सरकारी और गैर सरकारी सेवाओं का लाभ उठाने के लिए आधार कार्ड जरूरी है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि सफेद आधार कार्ड के अलावा नीला आधार कार्ड (Blue Aadhaar) भी होता है, जिसे सरकार बच्चों के लिए बनाती है।
इसे ‘बाल आधार कार्ड’ कहा जाता है, और इसका बैकग्राउंड सफेद के बजाय नीला होता है। सामान्य सफेद आधार कार्ड के बजाय, इसके नीले रंग के कारण इसे नीला आधार कार्ड (Blue Aadhaar) भी कहा जाता है।
आधार कार्ड व्यक्तियों की पहचान के लिए एक महत्वपूर्ण उपकरण है, विशेषकर जब वे सरकार की सामाजिक कल्याण योजनाओं का लाभ उठाते हैं। विभिन्न सरकारी और निजी संगठनों द्वारा भी किसी व्यक्ति से जुड़ी जानकारी को सटीकता से इकट्ठा करने के लिए आधार कार्ड की आवश्यकता होती है।
नीला आधार कार्ड (Blue Aadhaar) भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) द्वारा जारी किया जाता है और यह स्कूल में बच्चों के दाखिले के लिए पंजीकरण या सरकारी योजनाओं के तहत लाभ प्राप्त करने में सहायक करता है।
सभी लोगों के लिए जारी किए जाने वाले सामान्य आधार कार्ड की तरह, नीले आधार कार्ड (Blue Aadhaar) में बच्चे के लिए 12 अंकों की विशिष्ट पहचान संख्या के अलावा माता-पिता का नाम, स्थायी पता और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी भी शामिल होती है।
जिन बच्चों के पास पहले से नीला आधार कार्ड (Blue Aadhaar) है, उन्हें पांच साल की उम्र पूरी होने पर अपनी जानकारी अपडेट करने के लिए अपने नजदीकी नामांकन केंद्र जाना होगा। वहां उनका बायोमेट्रिक डेटा, जैसे दस अंगुलियों के निशान, आईरिस स्कैन और चेहरे का फोटो खीचा जाएगा।
जब बच्चे 15 साल के होते हैं, तो उनकी बायोमेट्रिक जानकारी एक बार फिर से अपडेट की जाती है। इन दोनों अवसरों पर UIDAI द्वारा आधार कार्ड में अपडेट निःशुल्क किए जाते हैं। यदि बच्चे के 5 और 15 साल की उम्र में जानकारी अपडेट नहीं की गई, तो कार्ड अमान्य हो जाएगा।


