बहुजन समाज पार्टी (BSP) के राष्ट्रीय संयोजक और पार्टी सुप्रीमो मायावती के भतीजे आकाश आनंद (Akash Anand) ने हरियाणा चुनाव (Haryana Election) में एंट्री मारी है।
आकाश आनंद ने गुरुवार यानी 19 सितंबर को नारायणगढ विधानसभा क्षेत्र में एक बड़ी चुनावी रैली की।
अपनी पार्टी के उम्मीदवार हरबिलास सिंह के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए आकाश आनंद ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला।
आकाश आनंद (Akash Anand) ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ने हरियाणा में 5000 स्कूल बंद कर दिए और राज्य के 40 फीसदी युवा बेरोजगार भटक रहे हैं।
आकाश आनंद ने बीजेपी के साथ साथ कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को भी निशाने पर लिया।
आकाश आनंद ने कहा कि कांग्रेस, भाजपा और दिल्ली की AAP पार्टी मुफ्त की गारंटी देंगी। लेकिन सम्मान सुरक्षा और रोजगार नहीं।
आकाश आनंद ने दावा किया कि ये सम्मान और सुरक्षा आपको सिर्फ अभय सिंह चौटाला के नेतृत्व वाली बीएसपी और ईनेलो की सरकार में ही मिल सकती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा में भाजपा और कांग्रेस के बीच कुशासन का गठबंधन है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी आरक्षण खत्म करना चाहते हैं।
हरियाणा चुनाव के लिए आकाश आनंद का नारा है – “भाजपा हटाओ कांग्रेस भगाओ, हरियाणा में बीएसपी इनेलो की सरकार बनाओ।”
आपको बता दें कि हरियाणा में हो रहे विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी का इंडियन नेशनल लोकदल के साथ गठबंधन है।
बसपा (BSP) हरियाणा की 90 में से 37 सीटों पर विधानसभा का चुनाव लड़ रही है जबकि 53 सीटें ईनेलो के खाते में गई है।
आकाश आनंद कहते हैं- आज किसी भी राजनीतिक दल, चाहे वो भाजपा हो या कांग्रेस, इनमें इतनी ताकत नहीं है कि दलित समाज को नजरअंदाज कर सके।
आकाश का कहना है – “आदरणीय मायावती जी ने सभी समाज को बराबर सम्मान दिया और बाबा साहेब के सपनों के जैसे एक जातिविहिन समाज की स्थापना की।”
उन्होंने कहा, “बहन जी के शासन में SC/ST, ब्राह्मण, क्षत्रिय, जाट, गुर्जर या वैश्य समाज में कोई भेदभाव नहीं रहा।”


